सोल, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने पुलिस व्यवस्था में सुधार का आह्वान किया है। उन्होंने पुलिस से कार्यप्रणाली में मौजूद खामियों को दूर करने के लिए बड़े और सख्त सुधार लागू करने को कहा है। राष्ट्रपति ने जांच में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र समीक्षा प्रणाली बनाने पर भी जोर दिया।
समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, राष्ट्रपति ली ने बुधवार को सोल में 81वें पुलिस दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस को अपनी कमियों का निष्पक्ष आकलन करना चाहिए और गलत परंपराओं तथा व्यवस्थागत खामियों को निडर होकर दूर करना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा, “जनता ने पुलिस को जांच करने का महत्वपूर्ण अधिकार सौंपा है। इस अधिकार का इस्तेमाल कानून और सिद्धांतों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। साथ ही, जांच प्रक्रिया और उसके परिणामों के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की जानी चाहिए।”
ली ने कहा कि पुलिस जांच को बाहरी दबाव से मुक्त रखा जाना चाहिए, लेकिन उसकी प्रक्रिया और परिणामों की कड़ी समीक्षा भी होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने पुलिस जांच की स्वतंत्र निगरानी करने वाली विशेष व्यवस्था बनाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की आलोचना से बचने के बजाय अपनी कमियों को स्वीकार करे और उन्हें तत्काल दूर करे। राष्ट्रपति के अनुसार, “पुलिस पर लोगों का भरोसा तभी मजबूत होगा, जब वे उसकी कार्यप्रणाली में वास्तविक बदलाव देख सकेंगे।”
दक्षिण कोरिया में पुलिस सुधार की मांग ऐसे समय तेज हुई है, जब हाल में हुई हिंसक घटनाओं ने सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। इनमें इंचियोन में पिछले सप्ताह अज्ञात लोगों को निशाना बनाकर किए गए चाकू से हमले और एक व्यक्ति द्वारा अपनी सास की हत्या की घटना शामिल है।
राष्ट्रपति ने कहा, “पुलिस को यह गंभीरता से समझना चाहिए कि उस पर जनता का भरोसा कमजोर पड़ रहा है और उसकी जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। केवल बयान देने से जनता का विश्वास बहाल नहीं होगा। पुलिस को अपने व्यवहार और कामकाज में बदलाव करके यह साबित करना होगा कि वह अपनी जिम्मेदारियों को पहले से अधिक प्रभावी ढंग से निभा रही है।”
