आइजोल, 20 सितंबर (आईएएनएस)। मिजोरम के कोलासिब जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-306 के चौड़ीकरण कार्य के दौरान बिजली का खंभा हटाते समय करंट लगने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में 16 वर्षीय एक किशोर भी शामिल है, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह हादसा शनिवार देर दोपहर को कोलासिब जिले के सेथॉन इलाके में हुआ। छह मजदूर चार-लेन हाईवे परियोजना के तहत बिजली का खंभा हटाने का काम कर रहे थे। यह परियोजना सरकारी कंपनी नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो मजदूर म्यांमार के रहने वाले थे, जबकि तीसरा मणिपुर का निवासी था। घायल तीनों मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना में बच गए मजदूरों ने पुलिस को बताया कि काम शुरू करने से पहले तीन अलग-अलग स्थानों से बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। हालांकि, वे यह नहीं बता सके कि बाद में लाइन में दोबारा बिजली कैसे पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बिजली बंद कराने के बाद मजदूरों ने गलती से गलत गैंग ऑपरेटेड एयर ब्रेक स्विच बंद कर दिया था। खंभे को हटाने या बदलने के दौरान वह हाई-वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
इस घटना के बाद हाईवे परियोजना के दौरान बिजली संबंधी कार्यों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी बिजली आपूर्ति बंद किए जाने और बाद में लाइन में करंट आने की पूरी घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-306 मिजोरम को असम के जरिए देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख सड़क संपर्क मार्ग है और इस पर चौड़ीकरण का काम जारी है।
