हैदराबाद, 18 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के निजामाबाद जिले में शुक्रवार को सर्विस रिवॉल्वर से गलती से गोली चलने से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई।
यह घटना निजामाबाद जिला पुलिस मुख्यालय में हुई। पुलिस के अनुसार, रिजर्व इंस्पेक्टर एच. सतीश ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर से गोली चल गई और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही सतीश ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी जनरल अस्पताल भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी गई है कि रिवॉल्वर से गोली किन परिस्थितियों में चली।
शुरुआत में आशंका जताई गई थी कि रिजर्व इंस्पेक्टर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि हथियार की सफाई के दौरान दुर्घटनावश गोली चल गई थी।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में तेलंगाना पुलिस के कुछ कर्मियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने विभाग की चिंता बढ़ाई है। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (10 सितंबर) के अवसर पर पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद ने राज्य के करीब 93 हजार पुलिसकर्मियों से अपील की थी कि वे आर्थिक या व्यक्तिगत समस्याओं के कारण आत्महत्या जैसा कदम न उठाएं।
डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से शराब, नशे और ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में परिवार, सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मदद लेने की अपील की थी। विभागीय जांच में पिछले चार महीनों में आत्महत्या करने वाले दो पुलिसकर्मियों के मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी से बढ़ा कर्ज प्रमुख कारण पाया गया था।
