हैदराबाद, 24 सितंबर (आईएएनएस)। यदाद्री थर्मल पावर प्लांट में बिजली उत्पादन रुकने के कारण तेलंगाना सरकार महानदी कोलफील्ड्स और कोल इंडिया से जी-9 ग्रेड का कोयला खरीदेगी।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देश पर ऊर्जा विभाग के अधिकारी महानदी कोलफील्ड्स और कोल इंडिया से कोयला खरीदने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
ऊर्जा मंत्री और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने गुरुवार को कहा कि वह जल्द ही केंद्रीय कोयला खान विभाग से प्लांट के लिए जरूरी जी-9 ग्रेड के कोयले की सप्लाई के बारे में मंत्री किशन रेड्डी से चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में ऊर्जा क्षेत्र की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे दशहरा तक यदाद्री थर्मल पावर प्लांट में पूरी क्षमता से बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएं।
उपमुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार के गलत फैसलों के कारण, प्लांट को कोयला खदान से बहुत दूर बनाया गया, जिससे राज्य पर कोयला परिवहन का लगभग 40,000 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ा।
उन्होंने कहा कि हमने सिंगरेनी में जी-9 ग्रेड के कोयले की अनुपलब्धता और अतीत में ई-नीलामी में भाग न लेने के कारण आ रही दिक्कतों की समीक्षा की। लोगों को लगातार अच्छी गुणवत्ता वाली बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हमने अधिकारियों को महानदी कोलफील्ड्स और कोल इंडिया से अस्थायी रूप से कोयला खरीदने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने उपमुख्यमंत्री को निर्देश दिया कि वे राज्य में बिजली उत्पादन के लिए कोयले की कमी की समस्या को हल करने के लिए केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी के साथ बैठक करें।
मुख्यमंत्री ने कोयले की कमी के कारण बिजली उत्पादन रुकने के मामले को गंभीरता से लिया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य में थर्मल पावर यूनिट्स को अच्छी गुणवत्ता वाले कोयले की सप्लाई के बारे में जानकारी मांगी।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यदाद्री थर्मल पावर स्टेशन में बिजली उत्पादन के लिए जी-9 ग्रेड के कोयले की आवश्यकता है, लेकिन सिंगरेनी के पास जी-9 कोयले के उत्पादन के लिए कोयला ब्लॉक नहीं हैं और निकट भविष्य में भी सिंगरेनी से जी-9 कोयले के उत्पादन की कोई संभावना नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यदाद्री थर्मल पावर स्टेशन के निर्माण में एक ऐसी विशिष्ट तकनीक का उपयोग करने पर सवाल उठाए, जिसके लिए केवल जी-9 गुणवत्ता वाले कोयले की आवश्यकता थी, जो सिंगरेनी में उपलब्ध नहीं था। बैठक में यदाद्री थर्मल पावर स्टेशन को कोयला खदानों से दूर बनाने और कोयला सप्लाई के लॉजिस्टिक्स की वजह से राज्य पर पड़े अतिरिक्त आर्थिक बोझ की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने सिंगरेनी से जी- ग्रेड का कोयला लेने की संभावनाओं के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि सिंगरेनी जी-9 कोयला सप्लाई नहीं कर सकती क्योंकि पिछली सरकार ने कोयला ब्लॉक की नीलामी में हिस्सा नहीं लिया था। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि सिंगरेनी में 14 कोयला ब्लॉक पहले ही बंद हो चुके हैं।
इस बीच बीआरएस की एक फैक्ट-फाइंडिंग टीम गुरुवार को प्रमुख थर्मल पावर प्लांट और सिंगरेनी मुख्यालय का दौरा करेगी।
वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों और विधायकों वाली यह टीम जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेने के लिए तेलंगाना भर के प्रमुख थर्मल पावर प्लांट और सिंगरेनी मुख्यालय का दौरा करेगी।
बीआरएस ने कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव के निर्देश पर की जा रही इस कवायद का मकसद बिजली क्षेत्र के मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट्स की प्रगति और राज्य सरकार के तहत किसी भी देरी या ऑपरेशनल मुद्दों से जुड़े तथ्यों का पता लगाना है।
बीआरएस की टीमें अधिकारियों के साथ प्लांट की प्रगति, बिजली उत्पादन क्षमता और कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा करेंगी।
फील्ड विजिट के बाद, बीआरएस, केसीआर सरकार के दौरान बनाए गए प्रोजेक्ट्स की स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी और पार्टी के आरोपों के अनुसार इन प्रोजेक्ट्स के बारे में फैलाई गई गलत जानकारी का जवाब देने के लिए अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
