अमरावती, 16 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक कार के नहर में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हो गए। पुलिस ने रविवार को बताया कि इरागवरम मंडल के आइटमपुडी के पास नरसापुरम नहर में एक कार का संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गई थी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात को यह हादसा हुआ। पीड़ित पेरावली गांव में एक दोस्त की शादी में शामिल होने के बाद पूर्वी गोदावरी जिले के मोरी गांव जा रहे थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
पुलिस जांच से पता चला कि इलाके में बारिश हो रही थी और कार चला रहे व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया। इससे कार नहर में जा गिरी। इसी बीच, कार सवार युवक पानी के बहाव में बह गए। उनमें से एक ने पेड़ को पकड़ लिया और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकलने में कामयाब रहा।
हालांकि, चार अन्य लोग लापता हो गए। लापता लोगों की पहचान पोथुला लक्ष्मी भानु (18), राजाराम (17), डी. नागी रेड्डी (18) और साई सूर्या (19) के रूप में की गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों व अग्निशमन कर्मियों की मदद से लापता लोगों की तलाश शुरू की गई। रविवार को लापता लोगों में से दो के शव बरामद किए गए।
रविवार सुबह अग्निशमन कर्मियों ने लक्ष्मी भानु और नागी रेड्डी के शव नहर से बाहर निकाले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। बचाव कर्मियों ने कार को भी नहर से बाहर निकाला। हालांकि, बाकी दो लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला।
इस बीच, तेलंगाना के नलगोंडा जिले में नागार्जुन सागर बैकवाटर्स में एक युवक डूब गया। यह घटना तब हुई, जब दोस्तों का एक ग्रुप विजाग कॉलोनी बैकवाटर्स में घूमने गया था। वे तैर रहे थे तभी एक युवक कृष्णा नदी के बहाव में बह गया।
स्थानीय अधिकारियों की ओर से दो घंटे से अधिक समय तक तलाशी के बाद दुर्गा तिरुमलेश का शव बरामद किया गया।

