SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय यूएई और दुनिया भर के नेताओं ने दीपावली की दीं शुभकामनाएं, रोशनी...

यूएई और दुनिया भर के नेताओं ने दीपावली की दीं शुभकामनाएं, रोशनी के त्योहार का उत्साह दुनिया भर में दिखा

0
1

दुबई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपराष्ट्रपति और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शनिवार को यूएई और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर लिखा, “यूएई और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। रोशनी का यह त्योहार आपके जीवन में शांति, उम्मीद और खुशियां लेकर आए। आपके आने वाले दिन सुरक्षा, सुख और समृद्धि से भरे रहें। हैप्पी दिवाली!”

दिवाली के अवसर पर दुनिया के कई नेताओं, मंत्रियों और भारत में तैनात विदेशी राजनयिकों ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शुभकामनाएं दीं।

भारत में यूरोपीय संघ (ईयू) के राजदूत जीन-एरिक ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर लिखा, “भारत में मेरी पहली दिवाली है। हर तरफ रोशनी देखना एक बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। त्योहार के खास पल, स्वादिष्ट भोजन, हंसी-मजाक और साथ होने की गर्मजोशी हमेशा याद रहेगी। सभी को खुशियों भरी दिवाली की शुभकामनाएं।”

दिवाली के जश्न को खास बनाने के लिए भारत में दक्षिण कोरिया के दूतावास ने एक विशेष दिया सजावट कार्यशाला का आयोजन भी किया।

भारत, श्रीलंका, भूटान और मालदीव में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने भी अपने ‘एक्‍स’ अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भले ही समारोह दूतावास परिसर में आयोजित किया गया हो, लेकिन उनकी शुभकामनाएं दूतावास की दीवारों से कहीं आगे तक पहुंचती हैं।

भारत और भूटान में जर्मनी के राजदूत जैस्पर विक ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर लिखा, “हमारी स्थानीय टीम के सहयोगियों का धन्यवाद, जिन्होंने पूरे दूतावास को रोशनी, रंगों और संगीत की जादुई दुनिया में बदल दिया और इस खूबसूरत त्योहार की खुशियां सभी के साथ साझा कीं।”

भारत में डेनमार्क के राजदूत तथा नेपाल, श्रीलंका, भूटान और मालदीव के गैर-आवासीय राजदूत रासमस एबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने कहा कि दिवाली हमें याद दिलाती है कि छोटी-सी रोशनी भी बड़ा बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा, “दोस्ती, दयालुता और साथ मिलकर रहने की भावना लोगों को करीब लाती है। ये ऐसे मूल्य हैं, जिन्हें हम डेनमार्क में भी महत्व देते हैं और यही हमारे दोनों देशों को जोड़ते हैं। मैं आप सभी और आपके परिवारों के लिए खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं। डेनिश दूतावास की ओर से सभी को हैप्पी दिवाली।”

भारत में जापान के दूतावास ने भी दिवाली के मौके पर एक विशेष उत्सव भोज का आयोजन किया। दूतावास के कर्मचारियों ने कामना की कि दिवाली की रोशनी हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

भारत और भूटान में जापान के राजदूत ओनो केइची ने लिखा, “दूतावास के सभी साथियों के साथ दिवाली मनाई। भारतीय और जापानी सहयोगियों के साथ इस खूबसूरत त्योहार की खुशियां साझा करना भारत में मेरी तीसरी दिवाली को और भी यादगार बना गया। हैप्पी दिवाली!”

दुनिया भर के नेताओं और राजनयिकों की इन शुभकामनाओं से साफ है कि दिवाली अब सिर्फ भारत का ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर मनाया जाने वाला एक ऐसा त्योहार बन चुकी है, जो लोगों को रोशनी, खुशियों और एकता का संदेश देता है।