नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत दौरे की शुरुआत उन्होंने बापू को नमन करके की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा, “बापू के कालजयी विचारों को नमन। यूएनजीए अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने आज राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर अपने भारत दौरे की शुरुआत की।”
एनालेना बेयरबॉक सोमवार को दो दिन के आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचीं। उनका यह दौरा विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर हो रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत की मजबूत साझेदारी को दर्शाती है।
अपने दौरे के दौरान एनालेना बेयरबॉक मंगलवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगी, जिसमें दोनों पक्ष आपसी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, वह इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के शासन और नियमन पर एक इंटरएक्टिव सत्र में भी हिस्सा लेंगी।
संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष के प्रवक्ता के अनुसार, 23 अप्रैल को यह भी जानकारी दी गई थी कि बेयरबॉक भारत में संयुक्त राष्ट्र टीम से भी मुलाकात करेंगी, जिसका नेतृत्व रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर स्टीफन प्रीजनर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि यह संयुक्त राष्ट्र की ओर से भारत का दूसरा हाई-लेवल दौरा है। इससे पहले फरवरी में महासचिव एंटोनियो गुटेरेस नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने आए थे।
बेयरबॉक भारत से भली-भांति परिचित हैं। जर्मनी की विदेश मंत्री रहते हुए वह पहले भी भारत आ चुकी हैं और एक बार उन्होंने दिल्ली मेट्रो में यात्रा कर भारत के साथ रिश्तों को मजबूत करने का संदेश दिया था। हालांकि, यूएनजीए अध्यक्ष के रूप में यह उनका पहला भारत दौरा है।
अपने 2022 के दौरे के दौरान उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी के वैश्विक परिदृश्य को आकार देने में भारत की अहम भूमिका होगी। उन्होंने यह भी सराहा था कि भारत ने पिछले 15 वर्षों में 40 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है। भारत दौरे के बाद एनालेना बेयरबॉक चीन की यात्रा पर जाएंगी।

