Wednesday, July 1, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच अफगान मंत्री का सख्त संदेश, ‘हम...

पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच अफगान मंत्री का सख्त संदेश, ‘हम न डरते हैं और न ही हारे हैं’

0
4

काबुल, 1 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सूचना और संस्कृति मंत्री शर अहमद हक्कानी ने बुधवार को कहा कि अफगान लोग बाहरी दबाव या सैन्य हमलों से डरने वाले नहीं हैं। काबुल पहले ही उन विरोधियों पर जीत हासिल कर चुका है, जिनके पास उससे कहीं बेहतर हथियार और आधुनिक तकनीक थी।

अफगानिस्तान स्थित ‘आरियाना न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकारों की बौद्धिक, वैचारिक और पेशेवर क्षमता बढ़ाने के लिए आयोजित सेमिनार में बोलते हुए हक्कानी ने कहा कि अफगानिस्तान को धमक‍ियों से डराया नहीं जा सकता, क्‍योंक‍ि अफगान‍िस्‍तान कई वर्षों से संघर्ष झेलता आया है।

उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने बेरहमी से बमबारी करके हमारे बच्चों को नींद में मार डाला, उनसे हम कहना चाहते हैं कि हम बम धमाकों और मुश्किलों से नहीं डरते। हमने उन लोगों को हराया है, जो आधुनिक तकनीक और हथियारों के मामले में आपसे कहीं ज्यादा ताकतवर थे।”

हक्कानी ने कहा कि लगातार चुनौतियों के बावजूद अफगानिस्तान के लोग अपने इरादों पर कायम हैं। उन्होंने कहा, “हम न डरते हैं और न ही हारे हैं।”

अफगान मंत्री का बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ महीनों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच कई बार गोलीबारी हुई है और आम नागरिकों के हताहत होने को लेकर चिंता भी बढ़ी है।

इससे पहले अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने पाकिस्तान में कथित तौर पर आईएसआईएस से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए। मंत्रालय के बयान के मुताबिक, ये हमले मंगलवार रात पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में मौजूद उन ठिकानों पर किए गए, जिन्हें उसने आईएसआईएस से जुड़ा बताया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, “अफगान रक्षा मंत्रालय की वायु सेना ने बलूचिस्तान के पिशिन जिले के सरानान इलाके में आईएसआईएस के एक संयुक्त केंद्र और हिंसा फैलाने वाले तत्वों पर हवाई हमले किए। इस केंद्र का इस्तेमाल अफगानिस्तान में तोड़फोड़ की गतिविधियां चलाने और हमलों की योजना बनाने के लिए किया जाता था। यही केंद्र उन बम धमाकों के समन्वय का भी अड्डा था, जिनमें अफगान नागरिकों को निशाना बनाया गया।”

मंत्रालय ने कहा, “खैबर पख्तूनख्वा के कंबर खेल इलाके में अफगान वायु सेना ने दाएश के एक केंद्र पर हवाई हमला किया। वहीं चित्राल के शाह सलीम घाटी के गरम चश्मा इलाके में दाएश के एक अन्य संयुक्त केंद्र और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को भी निशाना बनाया गया।”

जानकारी के आधार पर मंत्रालय ने दावा किया कि हमलों में आईएसआईएस और उसके समर्थकों को भारी नुकसान हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं।