Sunday, August 2, 2026
SGSU Advertisement

    पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए 9 एफटीए से पश्चिम बंगाल के चाय, मछलीपालन और हस्तशिल्प जैसे सेक्टर्स को होगा फायदा: पीयूष गोयल

    0
    2

    नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए नौ अहम फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (एफटीए) से पश्चिम बंगाल को काफी फायदा होगा। विकसित बाजारों तक बेहतर पहुंच से राज्य के निर्यात और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन एफटीए ​​से चाय उत्पादकों, मछुआरों, पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों के साथ-साथ राज्य के युवाओं और महिलाओं को अधिक मौके मिलेंगे।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए 9 अहम फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स से पश्चिम बंगाल को काफी फायदा होगा।”

    गोयल ने आगे कहा, “बाजार तक बेहतर पहुंच से चाय उत्पादकों, मछुआरों, पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों और राज्य के युवाओं व महिलाओं को लाभ होगा।”

    गोयल के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर पहुंच से उत्पादन बढ़ाने, निर्यात का विस्तार करने और पश्चिम बंगाल में कई क्षेत्रों में टिकाऊ रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि व्यापार समझौतों से मिलने वाले लाभ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

    केंद्रीय मंत्री ने बताता, “इससे उत्पादन बढ़ेगा, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और टिकाऊ रोजगार पैदा होंगे, जिससे ‘विकसित भारत’ का विजन आगे बढ़ेगा।”

    इसके अतिरिक्त, इस साल की शुरुआत में राज्य सरकार के एक सूत्र ने बताया कि कम से कम 42 उद्योगपतियों ने राज्य के वाणिज्य और उद्योग मंत्री तापस रॉय से संपर्क किया है और पश्चिम बंगाल में निवेश करने की इच्छा जताई है।

    अधिकारी के अनुसार, मंत्री ने उन्हें इस संबंध में सहयोग का भरोसा दिलाया है। सूत्र ने आगे कहा कि राज्य विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में निवेश से जुड़ी कई घोषणाएं की जा सकती हैं।

    सत्ता में आने के बाद, सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने कहा था कि राज्य के औद्योगिक क्षेत्र में विकास होगा और वे खुद इस मामले में दखल देंगे।

    पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पहली बार सत्ता में आने के बाद, केंद्र ने नीति आयोग से पश्चिम बंगाल के उद्योग और अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए एक दीर्घकालिक ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा था।

    नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिरी के नेतृत्व में यह काम पहले ही शुरू हो चुका है।