फ्लैशबैक : जब शम्मी कपूर ने धर्मेंद्र को कराया था ‘अंडे और ब्रांडी’ वाला नाश्ता

0
4

मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के पुराने दौर के कलाकारों से जुड़े किस्से हमेशा दिलचस्प होते हैं। ऐसा ही एक मजेदार किस्सा दिवंगत अभिनेता शम्मी कपूर से जुड़ा है, जिसे अभिनेता धर्मेंद्र ने सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 13’ में सुनाया था। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में है। धर्मेंद्र ने बताया कि शम्मी कपूर खाने-पीने के काफी शौकीन थे। एक दिन उन्होंने उन्हें अंडे और ब्रांडी वाला नाश्ता करवाया था।

दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र द्वारा ‘इंडियन आइडल 13’ के दौरान सुनाए गए किस्से के मुताबिक, धर्मेंद्र अभिनेत्री नूतन के साथ श्रीनगर में शूटिंग के लिए जा रहे थे। उन्हें सुबह जल्दी निकलना था और वह काफी जल्दी में थे। उसी दौरान उनकी मुलाकात शम्मी कपूर से हुई, जिन्होंने हमेशा की तरह बड़े सम्मान के साथ उनका स्वागत किया।

धर्मेंद्र ने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा, “उस वक्त शम्मी कपूर ने मुझसे पूछा कि क्या आपने नाश्ता कर लिया है? इस पर मैंने जवाब दिया कि मैं पहले ही नाश्ता कर चुका हूं। लेकिन उन्होंने मेरी बात मानने के बजाय मुझे दोबारा नाश्ता करने के लिए कहा। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि वह मुझे क्या खिलाने वाले हैं।”

धर्मेंद्र ने आगे कहा, “शम्मी कपूर ने एक गिलास लिया, उसमें दो अंडे तोड़े और फिर उसमें थोड़ी ब्रांडी मिलाई। इस मिश्रण को उन्होंने मुझे नाश्ते के तौर पर दिया। उनका अंदाज बिल्कुल अलग था और वह जिंदगी को अपने तरीके से जीते थे।”

बता दें कि शम्मी कपूर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। चाहे रोमांटिक गाने हों या इमोशनल सीन, शम्मी कपूर हर किरदार को अपने खास अंदाज में निभाते थे। खाने-पीने के प्रति उनका प्यार भी इंडस्ट्री में काफी मशहूर था।

धर्मेंद्र और शम्मी कपूर ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। साल 1987 में दोनों कलाकार फिल्म ‘हुकूमत’ में साथ नजर आए थे। इसके बाद दोनों साल 1991 में फिल्म ‘मस्त कलंदर’ में भी साथ दिखाई दिए।