SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नायडू का आरोप: राजनीतिक फायदे के लिए जेनजी को मोहरा बना रही...

नायडू का आरोप: राजनीतिक फायदे के लिए जेनजी को मोहरा बना रही वाईएसआरसीपी

0
4

अमरावती, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) अपनी राजनीतिक उद्देश्यों के लिए जेनजी को मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही है।

तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी सत्ता हासिल करने के लिए कुछ भी करने और कोई भी अपराध करने को तैयार है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नायडू ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी अशांति फैलाती है और फिर इसका दोष उन पर मढ़ने की कोशिश करती है।

मुख्यमंत्री ने वाईएसआरसीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर चुनाव आयोग के मामले में दोहरा मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जगन की पार्टी ने पहले मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया का समर्थन किया था, लेकिन अब चुनावी हार के बाद तरह-तरह के आरोप लगा रही है।

नायडू ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी ने सत्ता में रहते हुए स्थानीय निकाय चुनावों में धांधली करके बड़े पैमाने पर निर्विरोध जीत हासिल की।

उन्होंने दावा किया कि वाईएसआरसीपी शासन के दौरान तत्कालीन राज्य चुनाव आयुक्त (एसईसी) को केंद्र सरकार से सुरक्षा मांगने के लिए पत्र लिखने को मजबूर किया गया था। जब एसईसी ने स्थानीय निकाय चुनावों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की रिपोर्ट की, तो उन्हें समर्थन मिलने के बजाय आलोचना का सामना करना पड़ा।

वाईएसआरसीपी की पिछली सरकार के दौरान, एमपीटीसी की 24 प्रतिशत और जेडपीटीसी की 19 प्रतिशत सीटें निर्विरोध जीती गईं। नायडू ने आरोप लगाया कि ये निर्विरोध जीतें सरकारी शक्तियों के दुरुपयोग के माध्यम से हासिल की गईं।

नायडू ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने विपक्षी उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित करने के उद्देश्य से कानून पेश किया और विपक्षी उम्मीदवारों को फंसाने के लिए उनके घरों में शराब की बोतलें रखी गईं तथा विपक्षी दलों को नामांकन दाखिल करने से रोका गया।

टीडीपी प्रमुख ने दावा किया कि वाईएसआरसीपी के कार्यकाल में इतनी बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने का कोई उदाहरण नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी ने पिछले और मौजूदा दोनों चुनावों में हिंसा का सहारा लिया।

उन्होंने कहा कि सरकार वाईएसआरसीपी नेताओं की कथित ज्यादतियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। गठबंधन भी पार्टी का राजनीतिक रूप से सामना करेगा और उसके कृत्यों को उजागर करेगा। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग किया, जबकि उसके नेता अब हमले और धमकियों का सहारा ले रहे हैं।

चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि जब वाईएस विवेकानंद रेड्डी की हत्या हुई थी, तो इसका दोष उन पर मढ़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें वाईएसआरसीपी द्वारा कथित तौर पर की गई हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

टीडीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हिंसा का मेरे जीवन में कोई स्थान नहीं है। लेकिन मैं अपराधियों और गुंडों से भागूंगा नहीं। गुंडों और बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले प्रतिशोध का निशाना बन सकते हैं, लेकिन मैं उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं हूं।