SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय रूसी ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के बदले चाह‍िए अमेर‍िकी सैटेलाइट की...

रूसी ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के बदले चाह‍िए अमेर‍िकी सैटेलाइट की मदद, जेलेंस्‍की ने रखा प्रस्ताव

0
6

वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने प्रस्ताव दिया है कि अगर अमेरिका यूक्रेन को बेहतर सैटेलाइट टारगेटिंग क्षमता उपलब्ध कराए, तो यूक्रेन रूस के ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोक सकता है। इससे यूक्रेनी सेना रूस के अंदर दूरवर्ती मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइटों को निशाना बना सकेगी।

यह जानकारी अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर केविन क्रेमर ने दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में यूक्रेन की यात्रा के दौरान यह प्रस्ताव जेलेंस्की के सामने रखा गया था और यूक्रेनी राष्ट्रपति ने इसे सकारात्मक तरीके से स्वीकार किया।

क्रेमर ने सीबीएस के कार्यक्रम ‘फेस द नेशन’ में बताया कि यह विचार सीनेटर रोजर विकर ने दिया था, जो अमेरिकी सीनेट की आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के अध्यक्ष हैं। बाद में इस पर वॉशिंगटन में अधिकारियों के साथ भी चर्चा हुई।

प्रस्ताव के तहत यूक्रेन रूस की ऊर्जा संरचनाओं पर हमला करने के बजाय उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा, जहां से यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जाते हैं। क्रेमर ने कहा, “हमने यह प्रस्ताव राष्ट्रपति जेलेंस्की के सामने रखा था। यह सीनेटर रोजर विकर का विचार था।”

उन्होंने बताया कि जेलेंस्की ने जवाब दिया, “मैं यह काम कल से ही कर सकता हूं।” जेलेंस्की ने संकेत दिया कि अगर अमेरिका यूक्रेन को स्टारशील्ड सिस्टम तक अधिक पहुंच दे, तो वह तुरंत रूस के ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोक सकते हैं। स्टारशील्ड, स्पेसएक्स से जुड़ा सैन्य सैटेलाइट संचार और टारगेट‍िंग सिस्टम है। इससे यूक्रेन को रूस के अंदर दूर स्थित सैन्य ठिकानों की पहचान करने और उन पर हमला करने में मदद मिल सकती है।

क्रेमर ने कहा, “तीरों को रोकने के बजाय तीर चलाने वाले को निशाना बनाइए।” सीनेटर ने बताया कि जेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर के संयुक्त उत्पादन की अनुमति भी मांगी है। उनके मुताबिक, यूक्रेन को रूस की तेजी से उन्नत हो रही मिसाइलों और जेट-इंजन वाले ड्रोन से बचाव के लिए इन इंटरसेप्टरों की जरूरत है।

तीसरी मांग यह थी कि यूक्रेन को लाइसेंस दिया जाए ताकि वह अमेरिका के साथ मिलकर पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर का निर्माण कर सके। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त इंटरसेप्टर मिलने से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा और मजबूत होगी।

क्रेमर ने जेलेंस्की की तीनों मांगों का समर्थन किया। इनमें रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों को और सख्ती से लागू करने की मांग भी शामिल है।

सीनेटर ने पुष्टि की कि जेलेंस्की से मुलाकात से पहले इस प्रस्ताव पर व्हाइट हाउस, पेंटागन और विदेश विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन अभी भी बातचीत की प्रक्रिया में शामिल है, हालांकि उन्होंने इस नए प्रस्ताव पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो से व्यक्तिगत रूप से बात नहीं की है।

क्रेमर ने माना कि अभी तक स्टारशील्ड की पहुंच बढ़ाने को लेकर कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने यूक्रेन की मौजूदा सैटेलाइट सुविधाओं को पूरी तरह बहाल करने और रूस के अंदर अधिक दूरी तक हमले करने के लिए अतिरिक्त टार्गेटिंग सहायता देने की वकालत की।

हाल ही में यूक्रेनी सैन्य अभियानों को प्रभावित करने वाली सैटेलाइट सेवाओं में आई रुकावट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कांग्रेस को करनी चाहिए।