SGSU Advertisement
Home खेल हॉकी इंडिया ने फैंस को दिया बड़ा तोहफा, पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी...

हॉकी इंडिया ने फैंस को दिया बड़ा तोहफा, पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की एंट्री को किया फ्री

0
5

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने पंजाब में होने वाली पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए दर्शकों के लिए फ्री एंट्री की घोषणा की है। इससे फैंस को 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में एशिया की बेहतरीन हॉकी टीमों को खेलते देखने का मौका मिलेगा।

इस टूर्नामेंट के कुल 20 मैच दो जगहों पर खेले जाएंगे – जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में। 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सभी लीग मैच जालंधर में होंगे। इसके बाद 4 और 5 नवंबर को मोहाली में सेमीफाइनल और मेडल मुकाबले खेले जाएंगे।

दर्शक ‘टिकटजेनी’ वेबसाइट या इसके मोबाइल ऐप के जरिए फ्री एंट्री पास ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करने के बाद, फैंस अपनी पसंद के मैच चुन सकते हैं और उन्हें एक डिजिटल पास मिलेगा, जिसमें एक क्यूआर कोड होगा। स्टेडियम में एंट्री के लिए इस क्यूआर कोड को स्कैन कराना होगा।

इस पहल का उद्देश्य पंजाब के फैंस के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी को और अधिक सुलभ बनाना है। पंजाब में हॉकी की एक समृद्ध परंपरा रही है, और इस कदम से खेल में लोगों की भागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि इस फैसले का मकसद स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को लाना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच को खुद करीब से महसूस कर सकें। उन्होंने कहा, “हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 में एंट्री फ्री करके हम उम्मीद करते हैं कि स्टेडियम में ज्यादा दर्शक आएंगे और उन्हें टॉप-लेवल की अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच का अनुभव करने का मौका मिलेगा।”

महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी उम्मीद जताई कि दोनों स्टेडियमों में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि परिवारों, युवा खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों को आसानी से मैच देखने का मौका देकर इस खेल से और अधिक लोगों को जोड़ा जा सकता है। महासचिव ने कहा, “पंजाब में हॉकी का हमेशा से एक खास स्थान रहा है, और हम चाहते हैं कि प्रशंसक भी इस खेल उत्सव का हिस्सा बनें। हमारा उद्देश्य हॉकी को और अधिक सुलभ बनाना और प्रशंसकों को खेल के करीब लाना है। उन्होंने कहा,”हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 में मुफ्त प्रवेश इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है, जिससे परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी जालंधर और मोहाली में एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को आपस में मुकाबला करते हुए देख सकेंगे।”

भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवंबर को मलेशिया और 2 नवंबर को साउथ कोरिया के साथ भारत का मुकाबला होगा।