नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। बेल्जियम और नीदरलैंड की सह-मेजबानी में 15 से 30 अगस्त तक होने वाली इस प्रतियोगिता की शुरुआत भारतीय पुरुष टीम ने शनिवार को वेल्स पर जीत के साथ धमाकेदार अंदाज में की है। टीम इंडिया का अगला मैच इंग्लैंड के साथ है।
स्वतंत्रता दिवस (शनिवार) पर हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने वेल्स पर 3-1 से जीत दर्ज की। एम्सटल्विन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। भारतीय कप्तान ने पेनाल्टी कॉर्नर से 2 गोल किए। इसके अलावा, एक गोल संजय राणा ने किया था। संजय ने मैच का शुरुआती गोल (9वें मिनट) में किया था।
पूल डी में शामिल भारतीय टीम का अगला मैच सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 से खेला जाएगा।
भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए जरुरी है कि वेल्स की तरह ही इंग्लैंड पर भी बड़ी जीत दर्ज करे। हालांकि, टीम इंडिया के लिए वेल्स की अपेक्षा इंग्लैंड कड़ी चुनौती पेश करेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 141 मैच खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। इंग्लैंड ने 90 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम ने 28 मैच जीते हैं। 23 मैच ड्रा रहे हैं।
वहीं, हॉकी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में इंग्लैंड और इंडिया ने 9 मैच खेले हैं। इंग्लैंड को 4, जबकि भारतीय टीम को 3 मैचों में जीत मिली है। 2 मैच टाई रहे हैं। किसी एक मैच में इंग्लैंड ने सर्वाधिक 3, जबकि भारत ने 4 गोल किए हैं। इंग्लैंड और भारत दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ 15-15 गोल किए हैं।
विश्व कप में भारत ने इंग्लैंड को बराबर की टक्कर दी है। सोमवार को होने वाले मुकाबले में हरमप्रीत एंड कंपनी को दमदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को पछाड़ना होगा। बता दें कि भारतीय टीम ने 1975 के बाद हॉकी विश्व कप में पदक नहीं जीता है।

