SGSU Advertisement
Home खेल ‘हम गोल्ड मेडल अपने नाम करेंगे,’ शेफाली के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक...

‘हम गोल्ड मेडल अपने नाम करेंगे,’ शेफाली के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पर दादा हुए भावुक

0
10

नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी खेली। उनके दादा संतलाल वर्मा शेफाली को पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाते हुए देखकर भावुक हो गए। दादा ने पोती की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।

भारतीय महिला टीम ने रविवार को निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल मैच में शेफाली वर्मा की शतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। शेफाली ने 49 गेंदों में 9 छक्कों और 3 चौकों के साथ 100 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 रन बनाए। इसके जवाब में, बांग्लादेशी टीम 15.4 ओवरों में सिर्फ 81 रन पर सिमट गई। भारत के लिए नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 3-3 विकेट निकाले।

इस मौके पर संतलाल वर्मा ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “शेफाली बांग्लादेश के खिलाफ शानदार खेलीं। उन्होंने सेंचुरी लगाई। ऐसा पहली बार था, जब उन्होंने देश के लिए इस फॉर्मेट में शतक जड़ा।”

शेफाली वर्मा के दादा ने उम्मीद जताई है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 का ‘गोल्ड मेडल’ अपने नाम करेगी। उन्होंने अपने खुशी के आंसू पोंछते हुए कहा, “हम गोल्ड मेडल अपने नाम करेंगे। इस टीम ने हाल ही में एशिया कप जीता है। उम्मीद है कि एशिया गेम्स 2026 का गोल्ड भी जीतेगी।”

शेफाली एशियन गेम्स 2026 में अब तक 2 मुकाबलों में 140 रन बना चुकी हैं। दोनों पारियों में वह नाबाद रही हैं। शेफाली वर्मा ने इससे पहले जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन की पारी खेलने के अलावा, 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।

22 सितंबर को फाइनल मैच में भारत का सामना श्रीलंका से होगा, जबकि इसी दिन पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेगी। संतलाल को उम्मीद है कि फाइनल में शेफाली शानदार प्रदर्शन करेंगी।