Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘हम वैश्विक मंच पर पहुंच चुके हैं,’ एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी...

‘हम वैश्विक मंच पर पहुंच चुके हैं,’ एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी पर ओडिशा के सीएम ने जताई खुशी

0
26

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारत पहली बार वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी करने जा रहा है। गुरुवार को वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल ने भारत को इस चैंपियनशिप की मेजाबनी के अधिकार दिए हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मेजबानी मिलने पर खुशी जताते हुए इसे एक ‘माइलस्टोन’ बताया है।

सीएम मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हम वैश्विक मंच पर पहुंच चुके हैं। दुनिया हमारे ओडिशा के खेल प्रेम को देखने के लिए तैयार है। यह बताते हुए हमें बेहद गर्व हो रहा है कि ओडिशा, वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी कर रहा है। ओडिशा में होने वाले इस संस्करण के साथ, यह प्रतिष्ठित आयोजन 22 वर्षों के बाद भारत में वापस आया है। यह माइलस्टोन एक वैश्विक खेल केंद्र के रूप में हमारे उभार और विश्व-स्तरीय उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने लिखा, “हम दुनिया भर से आने वाले एथलीट्स और फैंस का स्वागत करने और अपनी संगठनात्मक क्षमता और भारतीय आतिथ्य का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं। हमारे खेल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में अपने निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार।”

पोलैंड के टोरून में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक के दौरान भारत को वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप के 2028 संस्करण की मेजबानी सौंपी गई। टोरून 20 से 22 मार्च तक 2026 संस्करण की मेजबानी भी कर रहा है। जनवरी में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल के सदस्यों ने भुवनेश्वर में स्थित कलिंगा इंडोर स्टेडियम का दौरा किया था, जिसकी सुविधाओं से वे काफी खुश हुए।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने कहा, “भारत भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी करेगा। यह वैश्विक प्रतियोगिता कलिंगा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।”

बहादुर सिंह सग्गू ने बताया कि ओडिशा देश में ट्रैक एंड फील्ड खेलों के लिए एक प्रमुख केंद्र बन गया है। घरेलू प्रतियोगिताओं की मेजबानी के अलावा, यह राज्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित कर रहा है।