Monday, June 22, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईएआरआई भर्ती 2026: फील्ड असिस्टेंट वर्कर और यंग प्रोफेशनल पदों के लिए...

आईएआरआई भर्ती 2026: फील्ड असिस्टेंट वर्कर और यंग प्रोफेशनल पदों के लिए आवेदन शुरू, इंटरव्यू 11 मई को

0
20

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) ने यंग प्रोफेशनल-I (युवा पेशेवर-I) और फील्ड असिस्टेंट वर्कर (फील्ड सहायक श्रमिक) के 2 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आईएआरआई की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 मई तय की गई है। जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से यंग प्रोफेशनल पद के लिए बीएससी कृषि में 4 वर्षीय ग्रेजुएशन की डिग्री और क्षेत्र में प्रयोग करने का अनुभव और मिट्टी व पौधों के पोषक तत्व विश्लेषण की अच्छी जानकारी के साथ-साथ कंप्यूटर अनुप्रयोगों, सांख्यिकीय आंकड़ों के विश्लेषण, परिणामों की व्याख्या और रिपोर्ट लेखन आदि का ज्ञान होनी चाहिए।

वहीं फील्ड असिस्टेंट वर्कर पद के लिए कैंडिडेट्स का 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसी के साथ उम्मीदवारों के पास खेत में काम करने का अनुभव, बुवाई, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, कटाई, पोषक तत्वों के विश्लेषण के लिए नमूने तैयार करना, मिट्टी के नमूने इकट्ठा करना और सामान्य प्रयोगशाला सफाई एवं रखरखाव का अनुभव होना भी आवश्यक है।

यंग प्रोफेशनल पद के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष और फील्ड असिस्टेंट वर्कर पद के लिए 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 मई के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी यंग प्रोफेशनल पद के लिए 30,000 रुपए और फील्ड असिस्टेंट वर्कर पद के लिए 15,000 रुपए प्रतिमाह होगी। इंटरव्यू का आयोजन 11 मई को सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईएआरआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए डायरेक्ट आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।