Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईसीसी ने वापसी की वैकल्पिक व्यवस्था की: जिम्बाब्वे क्रिकेट

आईसीसी ने वापसी की वैकल्पिक व्यवस्था की: जिम्बाब्वे क्रिकेट

0
21

नई दिल्ली, 4 मार्च (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बुधवार को पुष्टि की कि टीम भारत में टी20 विश्व कप 2026 में अपना सफर समाप्त होने के बाद स्वदेश लौट रही है। ईरान-इजरायल-यूएस के बीच चल रही बमबारी की वजह से मूल यात्रा योजना प्रभावित हुई थी। इसके बाद आईसीसी ने वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की।

जिम्बाब्वे का टूर्नामेंट में सफर रविवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट की हार के साथ समाप्त हो गया था। टीम को सोमवार सुबह 4:30 बजे से तीन बैच में नई दिल्ली से दुबई होते हुए हरारे रवाना होना था। योजना के अनुसार उन्हें एमिरेट्स की उड़ान से दुबई और वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर हरारे पहुंचना था।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एयरस्पेस बंद होने से दुबई और अबू धाबी में हजारों उड़ानें रद्द हो गईं, जिससे जिम्बाब्वे टीम की वापसी प्रभावित हुई। इसके बाद, आईसीसी ने वैकल्पिक रूट तैयार किया।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के मुताबिक, “फ्लाइट उपलब्धता और बदले हुए मार्ग के कारण टीम अलग-अलग बैच में हरारे लौटेगी। पहला समूह बुधवार को भारत से रवाना हो चुका है, जबकि अंतिम समूह शुक्रवार दोपहर को रवाना होगा। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अपडेट जारी किए जाएंगे।”

आईसीसी के एक अधिकारी के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत टीम का नया ट्रांजिंट पॉइंट इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा रखा गया है। खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अब इथियोपियन एयरलाइंस की उड़ानों से अदीस अबाबा होते हुए हरारे पहुंचेंगे।

वेस्टइंडीज को भी कोलकाता में सुपर-8 चरण समाप्त होने के बाद इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुताबिक, वह आईसीसी और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में जुटा है।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उत्पन्न परेशानी के बावजूद, आईसीसी और संबंधित बोर्डों के समन्वय से टीमों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया जारी है।