Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईसीसी रैंकिंग: शांतो ने लगाई लंबी छलांग, मोमिनुल हक को भी पहुंचा...

आईसीसी रैंकिंग: शांतो ने लगाई लंबी छलांग, मोमिनुल हक को भी पहुंचा फायदा

0
36

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। आईसीसी की जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में बांग्लादेश के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली ऐतिहासिक जीत का फायदा बांग्लादेश के प्लेयर्स को मिला है। नजमुल हुसैन शांतो ने लंबी छलांग लगाई है जबकि मोमिनुल हक भी 12 पायदान ऊपर चढ़े हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ ढाका में खेले गए टेस्ट की पहली पारी में शतक और दूसरी में अर्धशतक लगाने का इनाम शांतो को मिला है। शांतो ने 16 पायदान की छलांग लगाई है, और वह अब बल्लेबाजों की रैंकिंग में 23वें नंबर पर आ गए हैं। यह उनके टेस्ट करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी है। शांतो ने पहली पारी में 101 रनों की दमदार पारी खेली थी जबकि दूसरी इनिंग में उन्होंने 87 रनों का योगदान दिया था। मोमिनुल को 12 पायदान का फायदा पहुंचा है और वह अब 35वें नंबर पर आ गए हैं।

पहले टेस्ट में 4 विकेट लेने वाले बांग्लादेश के गेंदबाज तैजुल इस्लाम को 3 पायदान का फायदा पहुंचा है, और वह अब गेंदबाजों की रैंकिंग में 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। लगभग दो साल बाद बांग्लादेश की टेस्ट टीम में लौटे तस्कीन अहमद भी 48वें नंबर पर आ गए हैं। नाहिद राणा ने 5 पायदान की छलांग लगाई है, और वह अब गेंदबाजों की रैंकिंग में 64वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास अब 28वें नंबर पर आ गए हैं।

बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रनों से हराया। बांग्लादेश ने अपनी सरजमीं पर यह पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में पहली जीत हासिल की। बांग्लादेश से मिले 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम चौथी पारी में सिर्फ 163 रन बनाकर ढेर हो गई थी।

पाकिस्तान की ओर से सिर्फ अब्दुल्लाह फजल ही क्रीज पर टिककर बांग्लादेश के गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना कर सके, और उन्होंने 66 रन बनाए। गेंदबाजी में नाहिद राणा ने दूसरी पारी में 40 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में बांग्लादेश ने 413 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 386 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी।