Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईसीसी रैंकिंग: शुभमन गिल बने वनडे में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज,...

आईसीसी रैंकिंग: शुभमन गिल बने वनडे में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज, वैभव ने लगाई लंबी छलांग

0
13

दुबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बुधवार को जारी आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर वनडे में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को भी टी20 रैंकिंग में जबरदस्त फायदा पहुंचा है।

हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 3-0 की जीत के बाद वैभव ने ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 230 पायदान की छलांग लगाई है। 15 वर्षीय वैभव टॉप 50 रैंकिंग में शामिल हो गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मुकाबलों में वैभव ने 50.33 की औसत से खेलते हुए 151 रन बनाए थे और उन्हे ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया था। वैभव 536 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।

ईशान किशन क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। ईशान के 910 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। तिलक वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है और वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर सात स्थान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए हैं। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी बड़ा फायदा हुआ है। जिम्बाब्वे सीरीज में 3 विकेट लेने के साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वें नंबर पर आ गए हैं।

सीरीज गंवाने के बावजूद जिम्बाब्वे के कई खिलाड़ियों को भी ताजा रैंकिंग में फायदा पहुंचा है। रयान बर्ल टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 85वें स्थान पर आ गए, जबकि तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी गेंदबाजी रैंकिंग में 10 स्थान ऊपर चढ़कर 26वें स्थान पर पहुंच गए।

वनडे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल से नंबर एक की कुर्सी को भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ले लिया है। मिचेल जनवरी से दुनिया के नंबर एक वनडे बल्लेबाज बने हुए थे। हालांकि, मिचेल के हाल में इंटरनेशनल मैचों में न खेलने की वजह से भारतीय ओपनर फिर से टॉप पर आ गया है।

वनडे बॉलिंग रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला। नामीबिया के बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप सात में जगह बनाई। उन्होंने यूट्रेक्ट में नेपाल और नीदरलैंड के साथ हुई आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 ट्राई-सीरीज में शानदार खेल दिखाया।