दुबई, 1 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के साथ श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू आईसीसी विमेंस टी20 प्लेयर रैंकिंग में तीनों कैटेगरी में अपने करियर की बेस्ट रेटिंग प्वाइंट्स तक पहुंच गई हैं।
अट्टापट्टू ने 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए। बतौर गेंदबाज 3 ओवरों में 10 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। कप्तान के इस प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की।
इस नतीजे से अट्टापट्टू बल्लेबाजों की रैंकिंग में 734 रेटिंग प्वाइंट्स, गेंदबाजों में 552 और ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में 405 प्वाइंट्स के साथ अपने करियर की सबसे बेहतरीन स्थिति में पहुंच गईं। वह टी20 बल्लेबाजों में छठे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि गेंदबाजी सूची में तीन स्थान ऊपर चढ़कर 33वें स्थान पर पहुंच गई हैं और ऑल-राउंडर्स में तीसरे स्थान पर बरकरार हैं।
अट्टापट्टू का यह प्रदर्शन इस साल की शुरुआत में आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में उनके अच्छे प्रदर्शन के बाद आया है, जहां उन्होंने श्रीलंका के लिए 172 रन बनाए थे और तीन विकेट लिए थे। उनकी ओपनिंग पार्टनर इमेशा दुलानी ने भी लेटेस्ट अपडेट में काफी सुधार किया है। यूएई के खिलाफ 18 गेंदों पर 25 रन की पारी खेलने वाली दुलानी चार स्थान ऊपर चढ़कर 625 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ 18वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं। वहीं, हर्षिता समरविक्रमा बल्लेबाजों में एक स्थान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर आ गई हैं।
श्रीलंकाई गेंदबाजों को भी टूर्नामेंट के अपने शानदार ओपनिंग मैच का फायदा मिला है। मिताली अयोध्या ने 14 रन देकर तीन विकेट लिए, जिससे यूएई का स्कोर 79 रन तक सीमित रहा और वह 18 स्थान ऊपर चढ़कर 70वें स्थान पर पहुंच गईं; साथ ही उनके 444 प्वाइंट्स भी उनके करियर का बेस्ट स्कोर है। बाएं हाथ की स्पिनर सुगंधिका कुमारी ने 18 रन देकर दो विकेट लिए और पांच स्थान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर पहुंच गईं।
इस बीच विमेंस एशिया कप में खेल रहीं दूसरी टीमों के खिलाड़ियों को भी फायदा हुआ है। भारत के खिलाफ 48 गेंदों में 41 रन बनाने के बाद थाईलैंड की नन्नापत कोंचारोएन्काई महिला बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर 29वें नंबर पर पहुंच गईं, जबकि सुलीपोर्न लाओमी ने 26 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद गेंदबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाई और संयुक्त रूप से 63वें नंबर पर आ गईं।
इंडोनेशिया पर बांग्लादेश की शानदार 71 रन की जीत से भी रैंकिंग में बदलाव आया। शोभना मोस्तरी अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 500 अंकों के साथ एक स्थान ऊपर चढ़कर 39वें नंबर पर पहुंच गईं, जबकि तेज गेंदबाज मारुफा अख्तर ने तीन ओवर में छह रन देकर दो विकेट लेने के बाद दो स्थान की छलांग लगाई और 37वें नंबर पर पहुंच गईं।
भारतीय तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने भी बड़ी बढ़त हासिल की। थाईलैंड के खिलाफ 18 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद वह 38 स्थान ऊपर चढ़कर 112वें नंबर पर पहुंच गईं।
ताजा रैंकिंग में एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। रोमानिया में कॉन्टिनेंटल कप में 257 रनों के साथ सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बनने के बाद आइल ऑफ मैन की बल्लेबाज लुसी बार्नेट संयुक्त रूप से 67वें नंबर पर पहुंच गईं। टूर्नामेंट के दौरान बिना आउट हुए 197 रन बनाने के बाद रोमानिया की रेबेका ब्लेक संयुक्त रूप से 89वें नंबर पर आ गईं। अब उनके नाम 20 मुकाबलों में 153.00 का शानदार टी20 बल्लेबाजी औसत दर्ज है।
