तेल अवीव, 10 जुलाई (आईएएनएस)। इजरायल ने गाजा पट्टी में दो हवाई हमलों में हमास के दो कमांडरों को मार गिराने का दावा किया। इजरायली सेना का कहना है कि दोनों कमांडर उसके सैनिकों के लिए खतरा थे और इसी वजह से कार्रवाई की गई।
आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गाजा पट्टी में दो अलग-अलग हमलों में इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने हमास के प्रोडक्शन मुख्यालय के एक कमांडर और नुसेरात बटालियन के एक कमांडर को मार गिराया।”
आईडीएफ के अनुसार, इस हफ्ते की शुरुआत में उत्तरी गाजा पट्टी में किए गए एक हमले में हमास की सैन्य शाखा के प्रोडक्शन मुख्यालय के कमांडर खलील जमाल खलील माना को मार गिराया गया।
आईडीएफ का कहना है कि पूरे युद्ध के दौरान माना रॉकेट लॉन्चर बनाने वाली वर्कशॉप्स का नेतृत्व करता था और उनके निर्माण के आखिरी चरण की जिम्मेदारी संभालता था। इसके अलावा, वह प्रोडक्शन मुख्यालय के कामकाज और उत्पादन प्रक्रिया में एक अहम कमांडर था। आईडीएफ के अनुसार, युद्धविराम के दौरान उसने इस मुख्यालय को फिर से सक्रिय करने की कोशिशों में भी हिस्सा लिया।
आईडीएफ ने यह भी कहा कि गुरुवार को उत्तरी गाजा पट्टी में किए गए एक और हमले में हमास की नुसेरात बटालियन के प्लाटून कमांडर ओसामा वलीद दियाब मुहराब को मार गिराया गया।
आईडीएफ के मुताबिक, हाल के दिनों में मुहराब के पास ऐसे विस्फोटक थे, जिनका इस्तेमाल गाजा पट्टी में तैनात आईडीएफ सैनिकों पर हमला करने के लिए किया जाना था।
आईडीएफ का कहना है कि दोनों लोग उसकी सेना के लिए खतरा थे, इसलिए उस खतरे को खत्म करने के लिए उन पर हवाई हमला किया गया। आईडीएफ ने कहा कि दक्षिणी कमान के तहत उसकी सेना समझौते के अनुसार इलाके में तैनात है और किसी भी तत्काल खतरे को खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखेगी।

