पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईआईआईटी) के साथ जुड़कर अपना शानदार पेशेवर करियर शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, आईआईआईटी-भागलपुर ने अपने विभिन्न यूनिट/कार्यालय/विभाग में अप्रेंटिस के अलग-अलग कुल 21 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आईआईआईटी-भागलपुर की ओर से अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी 21 रिक्तियों में कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग के 3, इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 3, मेकाट्रॉनिक्स और ऑटोमेशन इंजीनियरिंग के 3, मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग के 2, लाइब्रेरी के 2, फाइनेंस और अकाउंट्स का 1, कंप्यूटर सेंटर/वेबसाइट मैनेजमेंट के 2, प्रशासन के 3 और स्टोर एवं परचेज के 2 पद शामिल हैं।
अप्रेंटिस के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 सितंबर तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनएटीएस 2.0 पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित यूनिट/कार्यालय/विभाग के अनुसार सीएसई/आईटी में बैचलर/बीई/बीटेक या डिप्लोमा, ईसीई/टेलीकम्युनिकेशन्स/इंस्ट्रूमेंटेशन में बैचलर/बीई/बीटेक या ईसीई में डिप्लोमा, मेकाट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर/बीई/बीटेक या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग/सीएसई/आईटी में बैचलर/बीई/बीटेक या डिप्लोमा, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस, बैचलर ऑफ कॉमर्स, बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन या बैचलर ऑफ आर्ट्स/बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 9 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को ग्रेजुएट अप्रेंटिस (डिग्री होल्डर) के लिए 12,300 रुपए प्रति माह और टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए 10,900 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
