Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईआईएसईआर में नौकरी का मौका: उम्‍मीदवार नॉन-टीचिंग पदों पर 15 जून तक...

आईआईएसईआर में नौकरी का मौका: उम्‍मीदवार नॉन-टीचिंग पदों पर 15 जून तक कर सकते हैं आवेदन

0
3

चंडीगढ़, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), मोहाली, ने नियमित आधार पर ग्रुप-ए, बी, और सी के अलग-अलग कुल 40 गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किया है,जिस पर आवेदन किए जा रहे हैं। इन पदों पर आवेदन का आखिरी मौका 15 जून निर्धातिर किया गया है।

आईआईएसईआर ने जिन 40 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें ग्रुप-ए से सुपरिटेंडिंग इंजीनियर , डिप्टी रजिस्ट्रार, डिप्टी पुस्तकालयाध्यक्ष, प्रधान तकनीकी अधिकारी (द्वितीय श्रेणी) (प्रयोगशाला), सीनियर तकनीकी अधिकारी (सूचना प्रौद्योगिकी-आईटी), और असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल/इलेक्ट्रिकल) के 1-1 पद; ग्रुप-बी से सीनियर सुपरिटेंडेंट और शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक के 2-2, लाइब्रेरी सुपरिटेंडेंट, सीनियर तकनीकी सहायक, परामर्शदाता (काउंसलर), नर्स, जूनियर इंजीनियर (सिविल/इलेक्ट्रिकल), और जूनियर अनुवादक (राजभाषा) के 1-1; एवं ग्रुप-सी से फार्मासिस्ट के 1, जूनियर तकनीकी सहायक के 8, जूनियर कार्यालय सहायक (एमएस)-प्रशासन के 11, जूनियर कार्यालय सहायक (एमएस)-लेखा के 3, और परिचारक (अटेंडेंट) के 1 पद शामिल हैं।

इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईआईएसईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 05.00 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक, एमएससी डिग्री/बीएस-एमएस, एमसीए/एमटेक, ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन, मैट्रिकुलेशन या तीन वर्षीय डिप्लोमा, आदि होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता व प्रासंगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 32 से 56 वर्ष के बीच तय गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/कौशल परीक्षा/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी वेतनमान के अनुसार, पद के आधार पर लेवल 1 से लेवल 13 के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर), ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 1,298 रुपए, और ईडब्ल्यूएस के लिए 708 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांगजन/भूतपूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआईएसईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।