रांची, 7 मई (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खान विद्यालय), आईआईटी/आईएसएम, धनबाद, ने एएनआरएफ परियोजना के तहत जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के कुल 2 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
इन पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय लास्ट डेट के शाम 05.30 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार जल संसाधन इंजीनियरिंग/जल इंजीनियरिंग/जल विज्ञान/पर्यावरण इंजीनियरिंग/भूसूचना विज्ञान/रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस/सिविल इंजीनियरिंग/पृथ्वी विज्ञान या समकक्ष विशेषज्ञताओं में एमटेक या पर्यावरण विज्ञान एवं वायुमंडलीय विज्ञान में एमएससी होना चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार का गेट/एनईटी उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, एमटेक डिग्री के नतीजों का इंतजार कर रहे उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र नहीं हैं।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 37,000 से 42,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को विस्तृत सीवी, मार्कशीट, प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण और गेट स्कोर कार्ड अंतिम तिथि या उससे पहले संबंधित पद के लिए नोटिफिकेशन में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल करना होगा। वहीं, ईमेल के विषय में कैंडिडेट्स ‘जेआरएफ पद के लिए आवेदन’ अवश्य लिखें।

