Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल इलिंगवर्थ-व्हार्फ होंगे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में मैदानी अंपायर

इलिंगवर्थ-व्हार्फ होंगे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में मैदानी अंपायर

0
27

अहमदाबाद, 6 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 8 मार्च को होगी। खिताबी मुकाबले की मेजबानी नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ की जोड़ी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए मैदानी अंपायर चुना गया है।

इलिंगवर्थ लगातार दूसरे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायर होंगे। इससे पहले वह टी20 विश्व कप 2024 के खिताबी मैच में क्रिस गैफनी के साथ मैदान पर नजर आए थे, जहां भारतीय टीम बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को हराकर चैंपियन बनी थी। इलिंगवर्थ वनडे वर्ल्ड कप 2023 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

वहीं, व्हार्फ अपने पहले सीनियर वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायर होंगे। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ने पिछले साल आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायरों में शामिल होने से पहले महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 और मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में अंपायरिंग की थी। इलिंगवर्थ और व्हार्फ की जोड़ी कोलकाता के ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पहले सेमीफाइनल में नजर आई थी।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका के अल्लाहुद्दीन पालेकर थर्ड अंपायर की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, इंग्लैंड के एड्रियन होल्डस्टॉक चौथे अंपायर होंगे। एंडी पाइक्रॉफ्ट खिताबी मुकाबले में मैच रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगे। एलीट पैनल में शामिल हो चुके पालेकर इस टी20 विश्व कप के 6 मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम करने से सिर्फ एक कदम दूर है। अहमदाबाद में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई भी टीम लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले कीवी टीम ने साल 2021 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया था, लेकिन फाइनल में न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।