भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला देश: एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स

0
4

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत हाल के वर्षों में आर्थिक वृद्धि के मामले में दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला देश रहा है। वैश्विक स्तर पर तुलना करने पर भारत एक मजबूत ग्रोथ आउटपरफॉर्मर के रूप में उभरा है, जो एक सकारात्मक संकेत है। यह बातें एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के प्रबंध निदेशक किम इंग टैन ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहीं।

किम इंग टैन ने आईएएनएस से बात करते हुए आगे कहा कि फिलहाल भारत की आर्थिक वृद्धि कुछ हद तक सीमित क्षेत्रों पर केंद्रित है, खासकर निर्यात (एक्सपोर्ट) क्षेत्र में। उन्होंने बताया कि भारत की मोबाइल फोन सेक्टर में एक्सपोर्ट ग्रोथ काफी मजबूत रही है, लेकिन यह बढ़त अन्य हाई-टेक या मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में उतनी तेजी से नहीं दिख रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि भारत को लंबे समय तक स्थायी विकास हासिल करना है, तो एक्सपोर्ट ग्रोथ को और व्यापक बनाना जरूरी होगा।

मिडिल ईस्ट संकट और तेल की कीमतों के असर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा और तत्काल प्रभाव कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के रूप में सामने आया है। फिलहाल इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पूरी तरह नहीं दिखा है, क्योंकि कई कंपनियां लंबे समय के कॉन्ट्रैक्ट के तहत तय कीमतों पर तेल खरीदती हैं। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि समय के साथ इसका असर लोगों की खर्च करने की क्षमता पर जरूर पड़ेगा।

टैन ने आगे कहा कि कुछ कंपनियां फिलहाल ऊंची कीमतों पर तेल बेचकर ज्यादा मुनाफा कमा सकती हैं, लेकिन अगर यह संकट या युद्ध लंबा चलता है, तो इसका नकारात्मक असर इन कंपनियों पर भी पड़ेगा। धीरे-धीरे इसका व्यापक प्रभाव पूरी अर्थव्यवस्था पर देखने को मिल सकता है।

उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल लोग सतर्क होकर खर्च कर रहे हैं और बढ़ती कीमतों के बीच अपने बजट को संतुलित करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर मिडिल ईस्ट संकट जल्द खत्म नहीं होता, तो इसका असर और गहरा हो सकता है।

इसके बावजूद एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स का मानना है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत की वास्तविक जीडीपी ग्रोथ करीब 7 प्रतिशत के आसपास रह सकती है, जो मुख्य रूप से निवेश और आंशिक रूप से निर्यात में बढ़ोतरी से संचालित होगी।