नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, आईओसीएल ने विभिन्न विषयों और ग्रेड के आधार पर एग्जीक्यूटिव के कुल 470 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
आईओसीएल की ओर से जारी 470 रिक्तियों में ग्रेजुएट इंजीनियर (ग्रेड-ए), डिप्लोमा इंजीनियर (ग्रेड-ईO), ऑफिसर (मार्केटिंग) (ग्रेड-ए), विधि ऑफिसर (ग्रेड-ए) और सहायक गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी (ग्रेड-ए0) के पोस्ट शामिल हैं। इनमें ग्रेड-ए में सिविल के 62, केमिकल के 16, इलेक्ट्रिकल के 75, इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन के 32, मैकेनिकल के 118, इंस्ट्रूमेंटेशन के 35, कंप्यूटर साइंस और आईटी के 21, कानून के 10 और मार्केटिंग के 41; ग्रेड-ए0 में क्वालिटी कंट्रोल (रसायन विज्ञान) के 9; ग्रेड-ई0 में इलेक्ट्रिकल के 14, मैकेनिकल के 21 और सुरक्षा के 15 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करवे की अंतिम तिथि 3 सितंबर तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आईओसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और क्षेत्र के अनुसार कम से कम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री, एमबीए/बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ लॉ में बैचलर डिग्री, मास्टर डिग्री, इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु ग्रेजुएट इंजीनियर और डिप्लोमा इंजीनियर पदों के लिए 26 वर्ष, ऑफिसर के लिए 28 वर्ष, लॉ ऑफिसर और सहायक गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी के लिए 30 वर्ष तय की गई, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), ग्रुप डिस्कशन (जीडी), ग्रुप टास्क (जीटी) और पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 30,000 से 1,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 15 सितंबर को आयोजित होने की संभावना है, जिसके लिए एडमिट कार्ड आईओसीएल द्वारा 15 सितंबर तक अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं।

