देहरादून, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल), देहरादून ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित कुल 6 पदों पर भर्ती की घोषणा की है, जिसके तहत निश्चित अवधि के अनुबंध के आधार पर पेशेवरों की भर्ती की जाएगी।
आईओएल ने जिन 6 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें प्रोजेक्ट इंजीनियर (ऑप्टिकल सिस्टम डिजाइनर), सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर (मार्केटिंग) और सहायक प्रोजेक्ट इंजीनियर (तकनीकी) के 2-2 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑफलाइन मध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार इंजीनियरिंग/फिजिक्स में बैचलर डिग्री, एमबीए/प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा, बीई/बीटेक की डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद अनुसार 30 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, अंतिम मेरिट सूची, मेडिकल फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 40,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईओएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन पत्र के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड, ओएफआईएलडीडी कैम्पस रायपुर, देहरादून (उत्तराखंड) – 248008’ पते पर तय लास्ट डेट तय या उससे पहले डाक कर दें। इसी के साथ एप्लीकेशन फॉर्म की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

