आईपीएल 2026: डीसी के खिलाफ टॉस जीतकर केकेआर ने चुनी गेंदबाजी, विपराज-मुकेश की वापसी

0
6

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान रहाणे ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिछले तीन मैच में विकेट को देखना और उसके हिसाब से खेलना जरूरी था। विकेट को पढ़ना मुश्किल है, हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। जब हमें ब्रेक मिला, तो मूड बहुत अच्छा था और खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं। प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है।”

दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। विपराज निगम को करुण नायर की जगह मौका दिया गया है, तो नटराजन के स्थान पर मुकेश कुमार खेल रहे हैं।

टॉस हारने के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम पहले गेंदबाजी करते हैं या बल्लेबाजी। बोर्ड पर रन बनाना हमेशा बेहतर होता है। इस मुकाबले में हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। दिल्ली के विकेट पर स्पिनरों को बहुत कम मदद मिलती है और अगर तेज गेंदबाज धीमी गेंदें फेंकते हैं तो उन्हें थोड़ी मदद मिलेगी। इसी वजह से हम 3 स्पिनर के साथ जा रहे हैं।”

दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए इस मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने इस सीजन अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत मिली है, तो 6 मुकाबलों में डीसी को हार का सामना करना पड़ा है। डीसी का बल्लेबाजी क्रम उम्मीद के मुताबिक निरंतरता के साथ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका है। वहीं, गेंदबाजी में कुलदीप यादव की खराब फॉर्म टीम के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।

दूसरी तरफ, कोलकाता नाइट राइडर्स का हाल भी दिल्ली कैपिटल्स जैसा ही है। 9 मुकाबलों में से महज 3 जीत के साथ केकेआर अंक तालिका में आठवें पायदान पर है। हालांकि, केकेआर ने अपने पिछले तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। रिंकू सिंह अच्छी लय में दिखाई दिए हैं, तो अंगकृष रघुवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में 59 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती फॉर्म में लौट चुके हैं, जबकि कार्तिक त्यागी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार।