आईपीएल 2026: इंग्लिस की तूफानी बल्लेबाजी, एलएसजी ने बनाया पावरप्ले का अपना सबसे बड़ा स्कोर

0
5

चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ हो रही है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में एलएसजी ने पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी। मार्श एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए, तो इंग्लिस ने जमकर चौके-छक्कों की बरसात की। इंग्लिस की विस्फोटक बल्लेबाजी के बूते एलएसजी ने पावरप्ले में सिर्फ एक विकेट गंवाकर 91 रन बनाए, जो इस लीग में शुरुआती छह ओवरों में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले, मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 90 रन बनाए थे।

इंग्लिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह एलएसजी की तरफ से इस लीग में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। इसके साथ ही आईपीएल में एमए चिदंबरम के मैदान पर इंग्लिस ने सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने 33 गेंदों की अपनी पारी में 85 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में इंग्लिस ने 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए।

हालांकि, मिचेल मार्श बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 10 रन बनाकर आउट हुए। निकोलस पूरन का बल्ला भी खामोश रहा और वह एक रन बनाकर नूर अहमद का शिकार बने। कप्तान ऋषभ पंत ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन वह 12 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद जेमी ओवरटन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। एडेन मार्करम अनलकी रहे और वह 6 रन बनाकर रनआउट हुए।

एलएसजी ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। पूरी तरह से फिट होने के बाद जोश इंग्लिस टीम में लौटे हैं, जबकि पिछले कुछ मुकाबलों में काफी महंगे साबित हो रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव के स्थान पर आवेश खान को अंतिम एकादश में रखा गया है। सीएसके ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।