आईपीएल 2026: जुरेल-पराग के अर्धशतक, आरआर के खिलाफ डीसी को 194 रन का टारगेट

0
5

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत के लिए 194 रन का टारगेट दिया है। आरआर की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंचने की है।

रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 11 गेंदों में महज 19 रन की साझेदारी की। जायसवाल 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद ध्रुव जुरेल ने सूर्यवंशी के साथ 34 गेंदों में 70 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।

सूर्यवंशी 21 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। यहां से जुरेल ने रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन जुटाकर टीम को 161 के स्कोर तक पहुंचाया।

15वें ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल स्टार्क ने कप्तान रियान पराग को अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट कराया, जो 26 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाकर आउट हुए। अगली गेंद पर डोनोवन फरेरा को अक्षर के हाथों कैच आउट कराया। ओवर की चौथी गेंद पर डेब्यूटेंट रवि सिंह ने चौका लगाया, लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

15वें ओवर में तीन विकेट गंवाने के बाद आरआर की रफ्तार थम गई थी। हालांकि, ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाले रखा। ध्रुव ने 40 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 53 रन की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि लुंगी नगिडी और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट निकाले।

दिल्ली कैपिटल्स इस मुकाबले में केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, लुंगी एनगिडी, मिशेल स्टार्क और मुकेश कुमार के साथ खेल रही है।

राजस्थान रॉयल्स यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा और यश राज पुंजा के साथ डीसी के खिलाफ उतरी है।

राजस्थान रॉयल्स 11 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है, जबकि 12 में से 7 मैच गंवा चुकी डीसी फिलहाल 8वें पायदान पर है। इस टीम के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की रास्ते लगभग बंद है।