आईपीएल 2026: केकेआर के खिलाफ आरसीबी ने गेंदबाजी चुनी, बारिश के बावजूद ओवरों में कटौती नहीं

0
8

रायपुर, 13 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 57वें मुकाबले में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में बारिश के चलते टॉस शाम 7 बजे के बजाय रात 8.30 बजे हो सका, जबकि मैच रात 8:45 बजे शुरू होगा। शाम को हुई भारी बारिश के बावजूद, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ओवरों में कटौती नहीं होगी।

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि यह वैसी ही विकेट है जिस पर हमने पिछला मैच खेला था। यह उसी तरह से बर्ताव करेगी। हम उन्हें दबाव में रखने की कोशिश करेंगे। मुझे लगता है कि विकेट काफी हद तक एक जैसी हैं। इसमें उछाल अलग-अलग तरह का होगा। सभी का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। हर मैच महत्वपूर्ण होता है, हम अच्छा क्रिकेट खेलने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। शेफर्ड की जगह वेंकी (वेंकटेश अय्यर) टीम में आए हैं।”

वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, “पिछले चार मैच हमारे लिए अच्छे रहे हैं। हमें एक समय में एक मैच पर ध्यान देना है। वरुण इस मैच से बाहर हैं, उनकी जगह सौरभ टीम में आए हैं।”

लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण टॉस और मैच शुरू होने के समय में देरी हुई। शाम 4:30 बजे 30 मिनट तक बारिश होने के बाद पूरे मैदान को ढक दिया गया था। शाम करीब 6:15 बजे हल्की बूंदाबांदी फिर से शुरू हो गई, और जब सुपर सॉपर मैदान पर काम कर रहे थे, तब मैदान को फिर से पूरी तरह से ढक दिया गया। शाम 6:35 बजे बारिश तेज हो गई, साथ ही बिजली भी कड़कने लगी।

हालांकि, निर्धारित टॉस के समय से पांच मिनट पहले हालात थोड़े बेहतर नजर आ रहे थे। ऑन-फील्ड अंपायर रोहन पंडित और नितिन मेनन, फोर्थ अंपायर कौशिक गांधी के साथ, मैदान का मुआयना करने पहुंचे, जबकि स्टाफ सावधानी से पानी से कवर्स को हटा रहा था। बार-बार बिजली कड़कने के कारण देरी और बढ़ गई, जिसके बाद पिच के मुआयने के समय के करीब संशोधित समय की घोषणा की गई।

रायपुर की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं रही है। उम्मीद है कि गेंदबाज यहां के हालात का फायदा उठाएंगे, खासकर अब जब बारिश के कारण मैदान में मौजूद नमी एक बड़ा फैक्टर बन गई है।

आरसीबी इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगी। यह टीम फिलहाल 11 में से 7 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, केकेआर 10 में से 5 मुकाबले गंवाकर 8वें पायदान पर है। इस जीत के साथ आरसीबी के पास 16 अंक होंगे और ये टीम प्लेऑफ की टिकट लगभग पक्की कर लेगी।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: जैकब बेथेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम डार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड।