Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: क्रुणाल बने आरसीबी की जीत के नायक, हार के साथ...

आईपीएल 2026: क्रुणाल बने आरसीबी की जीत के नायक, हार के साथ प्लेऑफ की रेस से बाहर एमआई

0
25

रायपुर, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) को 2 विकेट से हराया। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में एमआई से मिले 167 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने मैच की आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल किया। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट कोहली को दीपक चाहर ने ‘गोल्डन डक’ पर पवेलियन भेजा। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी 11 गेंदों का सामना करने के बाद 12 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 8 रन बनाकर आउट हुए। जैकब बेथेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 27 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने।

जितेश शर्मा 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टिम डेविड को कॉर्बिन बॉश ने पहली ही गेंद पर रयान रिकेल्टन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। क्रुणाल पांड्या ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में 73 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी में क्रुणाल ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। भुवनेश्वर कुमार 2 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रसिख सलाम ने नाबाद 3 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे। गेंदबाजी में एमआई की ओर से कॉर्बिन बॉश ने 26 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर ने 2 विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 166 रन लगाए। एमआई की शुरुआत खराब रही और रयान रिकेल्टन को भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में 2 रनों के स्कोर पर आउट किया। रोहित शर्मा 10 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद आउट हुए। सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह बिना खाता खोले आउट हुए। नमन धीर और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी निभाई।

नमन 32 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक ने 42 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 23 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही आरसीबी के 14 प्वाइंट्स हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंच गई है।