नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में ईशान किशन की कप्तानी में उतरी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए बड़ी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है, और उम्मीद है कि वे कुछ दिनों में टीम से जुड़ जाएंगे।
कमिंस आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले भारत आए थे, लेकिन खेलने के लिए उपलब्ध नहीं थे। सीजन की शुरुआत के बाद वह अपनी पीठ के स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया वापस चले गए थे।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, सिडनी में किए गए स्कैन से पता चला है कि चोट ठीक हो गई है, जिससे उनके प्रतियोगी क्रिकेट में वापसी का रास्ता साफ हो गया है। टीम में वापसी के बाद कमिंस फिर से एसआरएच की कप्तानी संभाल सकते हैं।
कमिंस 25 अप्रैल को सीजन में वापसी के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 25 अप्रैल को एसआरएच का मुकाबला जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ होना है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया कि वह एसआरएच से जुड़ने के लिए जल्द भारत जाने वाले हैं। कमिंस के प्लेइंग इलेवन में वापस आने से न सिर्फ एसआरएच का नेतृत्व मजबूत होगा, बल्कि गेंदबाजी और निचले क्रम की बल्लेबाजी भी मजबूत होगी।
कमिंस ने इंजरी की वजह से एशेज सीरीज में सिर्फ एक ही टेस्ट खेला था। वह टी20 विश्व कप 2026 का भी हिस्सा नहीं थे।
कमिंस की गैरमौजूदगी में, ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में, टीम ने मौजूदा सीजन में पांच में से दो मैच जीते हैं। टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर है।
एसआरएच ने सोमवार को हुए अपने आखिरी मुकाबले में मजबूत और अपराजेय चल रही राजस्थान रॉयल्स को हराया था। अपना डेब्यू मैच खेल रहे प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने अपनी शानदार तेज गेंदबाजी से एसआरएच को जीत दिलायी थी। दोनों ने 4-4 विकेट लिए थे। आरआर 217 रन के लक्ष्य का सामना करते हुए 19 ओवर में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई थी और 57 रन से मैच हार गई थी।
एसआरएच का अगला मुकाबला शनिवार को हैदराबाद में अपने होम ग्राउंड राजीव गांधी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा।

