नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के ‘प्लेऑफ’ से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। बैटिंग ऑलराउंडर जैकब बेथेल शेष सीजन से बाहर हो गए हैं, जिन्हें पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मैच के दौरान बाईं अनामिका उंगली में चोट लगी थी। बेथेल अब आगे की जांच के लिए इंग्लैंड लौटेंगे।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की है। ईसीबी ने कहा कि वे बेथेल की चोट की गंभीरता का आकलन करेंगे और यह देखेंगे कि क्या वह 4 जून को लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड का पहला टेस्ट खेलने के लिए समय पर फिट हो सकेंगे?
ईसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ सहमति जताई है कि टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज जैकब बेथेल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते समय बाईं अनामिका उंगली में चोट लगने के बाद यूके लौट आएंगे। यूके लौटने पर इंग्लैंड की पुरुष मेडिकल टीम उनकी पूरी तरह से जांच और निगरानी करेगी, ताकि यह तय किया जा सके कि बेथेल 4 जून से लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं?”
आरसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “मेडिकल जांच के बाद, जैकब इंग्लैंड की आगामी टेस्ट सीरीज से पहले आगे के मूल्यांकन के लिए इंग्लैंड लौटेंगे। आरसीबी में हर कोई जैकब के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं देता है।”
आईपीएल 2026 के दौरान फिल सॉल्ट की गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल ने टॉप-ऑर्डर में विराट कोहली के साथ साझेदारी की थी। इस सीजन बेथेल रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए, जिन्होंने 7 मुकाबलों में सिर्फ 13.71 के साथ 96 रन जुटाए। इसी चोट के कारण वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी के आखिरी लीग चरण मैच से भी बाहर रहे थे।
आरसीबी ने पिछले साल अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। यह टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है। आरसीबी 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में क्वालीफायर-1 खेलेगी, जिसमें उसका सामान गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बना लेगी, जो 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

