Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: ‘क्वालीफायर-1’ में आरसीबी और जीटी की भिड़ंत, पीयूष चावला ने...

आईपीएल 2026: ‘क्वालीफायर-1’ में आरसीबी और जीटी की भिड़ंत, पीयूष चावला ने इस टीम को बताया खिताब के काबिल

0
6

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय लेग-स्पिनर पीयूष चावला को गुजरात टाइटंस (जीटी) आईपीएल 2026 का खिताब जीतने में सक्षम दिख रही है। आईपीएल 2022 की विजेता जीटी इस सीजन 18 प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर रहते हुए क्वालीफायर-1 में पहुंची है। अब उसका मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा। जीटी इस मुकाबले को जीतकर सीधे फाइनल में पहुंचना चाहेगी।

चावला ने ‘जियोहॉटस्टार’ के ‘चैंपियंस वाली कमेंट्री’ पर कहा, “किसी भी कप्तान के लिए, अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के विकल्पों को असरदार तरीके से रोटेट करना बहुत जरूरी होता है। आपके पास हथियार हो सकते हैं, लेकिन यह जानना कि सही समय पर उनका इस्तेमाल कब करना है, यही बात एक अच्छे कप्तान को एक महान कप्तान से अलग बनाती है। शुभमन गिल ने इस सीजन में यह काम बहुत शानदार तरीके से किया है, उन्होंने बहुत अधिकार और स्पष्टता के साथ कप्तानी की है। एक लीडर से आप ठीक यही उम्मीद करते हैं- सिर्फ एक कप्तान नहीं, बल्कि एक ऐसा लीडर जो मैदान पर टीम का मार्गदर्शन करे। उन्होंने बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उनकी कप्तानी भी उतनी ही प्रभावशाली रही है।”

चावला ने कहा, “गिल ने साहसी फैसले लिए हैं, अपने गेंदबाजों को समझदारी से रोटेट किया है, और दबाव वाले हालात को शांत रहकर संभाला है। गुजरात टाइटंस अब एक ऐसे मुकाम पर है, जहां वे इस बार आईपीएल जीतने में सक्षम दिख रहे हैं। काफी हद तक इसका श्रेय गिल के आगे बढ़कर नेतृत्व करने के तरीके को जाना चाहिए।”

जीटी ने इस सीजन लगातार दो हार के साथ अपना अभियान निराशाजनक तरीक से शुरू किया था, जिसके बाद इस टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की। हालांकि, इसके बाद जीटी को दो हार झेलनी पड़ी, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत के बाद जीटी ने एक बार फिर लय पकड़ते हुए लगातार 5 मुकाबले अपने नाम किए। गुजरात टाइटंस ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन के विशाल अंतर से रौंदा है। ऐसे में यह टीम बुलंद हौसले के साथ क्वालीफायर-1 में उतरने के लिए तैयार है।