अहमदाबाद, 1 जून (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के खिताबी मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। फैंस ने आरसीबी की लगातार दूसरी खिताबी जीत का जमकर जश्न मनाया।
कर्नाटक में फैंस ने पटाखों के साथ आरसीबी की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान फैंस ‘कोहली-कोहली’ और ‘आरसीबी-आरसीबी’ के नारे लगाते नजर आए। इन फैंस ने बताया कि उन्हें आरसीबी के फाइनल में पहुंचने के बाद से ही यकीन था कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम करेगी। धारवाड़ में फैंस ने एक विशाल ट्रॉफी के साथ इस जीत का जश्न मनाया।
दिलखुश परमार ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “आरसीबी के लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने पर हम बेहद खुश हैं। हमें विराट कोहली के ट्रॉफी जीतने की ज्यादा खुशी है। विराट कोहली ने फाइनल मैच में शानदार पारी खेली। उन्हें यूं ही चेज मास्टर नहीं कहा जाता है।”
पर्व पांड्या ने कहा, “गुजरात टाइटंस के होम ग्राउंड पर हमें आरसीबी के जीतने की कम ही उम्मीदें थीं, लेकिन आरसीबी ने खुद को फिर से चैंपियन साबित किया है। विराट कोहली सच में किंग हैं। जीटी की तरफ से वेंकटेश अय्यर ने सभी का दिल जीता है।”
एक महिला फैन ने कहा, “फाइनल मैच बहुत शानदार था। आरसीबी ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। यह एकतरफा मैच रहा। हम यहां आरसीबी की बल्लेबाजी देखने ही आए थे। जीटी को आगे अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है।”
आणंद से इस मैच को देखने पहुंची तुलसी ने कहा, “विराट कोहली ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया। आरसीबी की पूरी टीम ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया है। गिल ने काफी मशक्कत की। जीटी ने भी अपना शत प्रतिशत दिया है।”
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में जीटी ने 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। इसके जवाब में आरसीबी ने 18 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी के लिए कोहली ने 42 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली।

