आईपीएल 2026: संजू-गायकवाड़ की सलामी जोड़ी ने सीएसके फैंस को निराश किया, 5 मुकाबलों में सिर्फ 124 रन

0
10

चेन्नई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की सलामी जोड़ी के रूप में संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की सलामी जोड़ी ने फैंस को खासा निराश किया है। शुरुआती पांच मुकाबलों में यह सलामी जोड़ी कुल 124 रन जुटा सकी है। आइए, इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की सलामी जोड़ी के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मुकाबले में संजू सैमसन (6) और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (6) ने 2 ओवरों में महज 14 रन जोड़े थे। खराब शुरुआत के बाद टीम 19.4 ओवरों में सिर्फ 127 रन पर सिमट गई। चेन्नई ने मैच 8 विकेट से गंवा दिया।

3 अप्रैल को पंजाब किंग्स के विरुद्ध संजू (7)-गायकवाड़ (28) की जोड़ी 2 ओवरों में सिर्फ 14 ही रन जुटा सकी। टीम ने इस मैच में 209/5 का स्कोर खड़ा किया, लेकिन मैच पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से अपने नाम किया।

सीएसके की टीम 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विरुद्ध मुकाबले में उतरी। इस मैच में 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की सलामी जोड़ी पांचवीं गेंद पर ही टूट गई। संजू 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गायकवाड़ ने महज 7 रन की पारी खेली। सीएसके 19.4 ओवरों में सिर्फ 207 रन पर सिमट गई, जिसके साथ आरसीबी ने मैच 43 रन से अपने नाम किया।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम लगातार 3 मैच गंवाने के बाद 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ उतरी। इस मुकाबले में संजू सैमसन का बल्ला चला। संजू ने 56 गेंदों में 4 छक्कों और 15 चौकों के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेली। सलामी जोड़ी के रूप में कप्तान गायकवाड़ (15) के साथ 6.2 ओवरों में 62 रन जुटाए। सैमसन के शतक की मदद से सीएसके ने 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए और डीसी के विरुद्ध 23 रन से जीत हासिल करते हुए अपना खाता खोल लिया।

14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के विरुद्ध खेले जा रहे मैच में इस टीम को 2.2 ओवर में शुरुआती झटका लगा। गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।