Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026 से बाहर हुए अंगकृष रघुवंशी, केकेआर ने पुष्टि की

आईपीएल 2026 से बाहर हुए अंगकृष रघुवंशी, केकेआर ने पुष्टि की

0
5

कोलकाता, 22 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में प्लेऑफ की राह देख रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 के बचे हुए मैचों में उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। वह सीजन से पूरी तरह बाहर हो गए हैं।

केकेआर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “बुधवार, 20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश में सिर पर चोट (कनकशन) लगने और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर होने के कारण अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं।”

युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है। वह विकेटकीपिंग के साथ ही टीम के लिए सीजन में नियमित रूप से रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं।

21 साल के रघुवंशी ने सीजन के 13 मैचों की 12 पारियों में 5 अर्धशतक लगाते हुए 42.20 की औसत और 146.52 की स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 82 रन है।

केकेआर का सीजन का आखिरी मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के साथ 24 मई को है। केकेआर के लिए इस मैच में जीत ही एकमात्र विकल्प है। जीत के बाद ही केकेआर के लिए प्लेऑफ की संभावना है। ऐसे में इनफॉर्म रघुवंशी का बाहर होना केकेआर के लिए बड़ा झटका है।

केकेआर ने आईपीएल 2026 में जोरदार वापसी करते हुए अन्य टीमों को चौंकाया है। सीजन के शुरुआती 6 मैचों में 5 हार के साथ सिर्फ 1 अंक हासिल करने वाली कोलकाता ने बाद के 7 मैचों में जीत के साथ 12 अंक हासिल किए हैं। टीम का अगर अपने अगले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है, तो उसके लिए प्लेऑफ का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, केकेआर को अपनी जीत के साथ ही पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के हार की दुआ करनी होगी।