आईपीएल 2026: टी20 क्रिकेट में ‘नंबर-1’ साझेदार हैं कोहली, आंकड़े दे रहे गवाही

0
4

धर्मशाला, 17 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। कोहली पुरुषों के टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक अर्धशतकीय साझेदारियों में शामिल होने बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

कोहली ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 76 रन की साझेदारी की। कोहली के साथ एलेक्स हेल्स भी टी20 क्रिकेट में 210 बार अर्धशतकीय साझेदारियों में शामिल रहे हैं। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर (200) दूसरे, जबकि बाबर आजम (196) तीसरे पायदान पर हैं। क्रिस गेल (191) इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं।

रविवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी मुकाबले में कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए। कोहली 3 अलग-अलग आईपीएल टीमों के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

विराट कोहली ने पंजाब किंग्स के विरुद्ध अब तक 37.15 की औसत के साथ 1,215 रन बनाए हैं। कोहली चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 37.87 की औसत के साथ 1,174 रन जोड़ चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी कोहली सर्वाधिक आईपीएल रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस टीम के विरुद्ध 48.83 की औसत के साथ 1,172 रन जुटाए हैं।

आईपीएल में किसी एक विरोधी टीम के विरुद्ध सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष-3 पायदान पर कोहली का ही नाम है। इस लिस्ट में रोहित शर्मा चौथे स्थान पर हैं, जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 40.03 की औसत के साथ 1,161 रन बनाए हैं। डेविड वॉर्नर पंजाब किंग्स के खिलाफ 49.3 रन बना चुके हैं।

रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मुकाबले में विराट कोहली ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 76 रन की साझेदारी की। कोहली-पड्डिकल आईपीएल के एक सीजन में नॉन-ओपनिंग जोड़ी के तौर पर सर्वाधिक अर्धशतकीय साझेदारी के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

कोहली-पड्डिकल की जोड़ी ने इस सीजन 9 पारियों में छठी बार अर्धशतकीय साझेदारी की है। इस जोड़ी ने माइकल हसी-सुरेश रैना (साल 2013) और सूर्यकुमार यादव-तिलक वर्मा (साल 2025) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इन तीनों ही जोड़ियों ने एक सीजन में 6-6 बार अर्धशतकीय साझेदारी की है। इस फेहरिस्त में विराट कोहली और एबी डिविलयर्स की जोड़ी शीर्ष पर है, जिन्होंने साल 2016 में 13 पारियों के दौरान 7 बार यह कारनामा किया था।