आईपीएल इतिहास में 3 मुकाबले, जब पंजाब किंग्स की जोड़ी ने छुआ 150 का आंकड़ा

0
17

न्यू चंडीगढ़, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की ओर से रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 29वें मैच में प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रन की साझेदारी की। आईपीएल इतिहास में ऐसा तीसरी बार था, जब पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के बीच 150 से अधिक रन की साझेदारी हुई।

महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रियांश आर्य 37 गेंदों में 9 छक्कों और 4 चौकों के साथ 93 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कूपर ने 46 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 87 रन बनाए। इन बल्लेबाजों की शानदार पारियों की मदद से टीम ने 7 विकेट खोकर 254 रन बनाए।

पंजाब किंग्स की तरफ से आईपीएल इतिहास में पहली बार 150 से अधिक रन की साझेदारी एडन गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श के बीच हुई थी। 17 मई 2011 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विरुद्ध किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) 25 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा बैठी थी।

इसके बाद सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने शॉन मार्श के साथ दूसरे विकेट के लिए 206 रन जुटाकर टीम को 232/2 के स्कोर तक पहुंचाया। गिलक्रिस्ट 55 गेंदों में 9 छक्कों और 8 चौकों के साथ 106 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्श ने 49 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 79 की नाबाद पारी खेली। इसके जवाब में आरसीबी 17 ओवरों में महज 121 रन पर सिमट गई। इस पारी में एबी डिविलियर्स ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। किंग्स इलेवन पंजाब ने 111 रन से मैच अपने नाम किया।

इसके बाद 27 सितंबर 2020 को शारजाह में खेले गए मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) की टीम ने 2 विकेट खोकर 223 रन बनाए थे।

बतौर सलामी बल्लेबाज कप्तान केएल राहुल ने मयंक अग्रवाल के साथ पहले विकेट के लिए 16.3 ओवरों में 183 रन की साझेदारी की थी। राहुल 54 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मयंक ने 50 गेंदों में 7 छक्कों और 10 चौकों के साथ 106 रन की पारी खेली। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 19.3 ओवरों में 4 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम के लिए कप्तान स्टीव स्मिथ ने 50 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 85 रन की पारी खेली। राहुल तेवतिया ने 53 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।