ईरान हमें होर्मुज को लेकर ब्लैकमेल नहीं कर सकता : ट्रंप

0
5

वाशिंगटन, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान-यूएस के बीच अस्थाई सीजफायर जारी है लेकिन बयानबाजी दोनों ही ओर से खूब हो रही है। आक्रामक अंदाज में सवाल किए और जवाब दिए जा रहे हैं। एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर जुबानी हमला बोला। होर्मुज को लेकर ट्रंप ने ओवल स्थित दफ्तर में शनिवार को कहा कि वे हमें स्ट्रेट के नाम पर ब्लैकमेल नहीं कर सकते।

ईरानी की कमजोरी पर फिर प्रकाश डाला। उन्होंने आगे कहा, ईरान के पास न नौसेना है, न वायुसेना। उनके पास कोई नेतृत्व नहीं है, उनके पास कुछ भी नहीं है। लेकिन फिर भी हम उनसे बात कर रहे हैं। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने बहुत लोगों को मारा है। वे कई सालों से बचते आए हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

वैसे इस बार डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ सकारात्मक संकेत भी दिए, भरोसा दिलाया कि ईरान संग डील हो सकती है। ओवल ऑफिस में मीडिया से रूबरू ट्रंप बोले, “वे थोड़े नरम पड़ गए हैं, डील पर असल में बहुत कुछ ठीक ठाक चल रहा है, और हो सकता है दिन ढलते-ढलते हमारे पास कुछ अच्छी जानकारी हो।”

दरअसल, एक दिन पहले (शुक्रवार) ही, ईरान ने होर्मुज सबके लिए खोलने का ऐलान किया था। लेकिन शनिवार को फिर से इस समुद्री रास्ते पर पाबंदियां लगा दी गईं। ईरान ने कहा कि अमेरिका सीजफायर डील को तोड़ रहा है, इसलिए अब होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सेना के कंट्रोल में होगी।

ईरान ने साफ चेतावनी दी कि जब तक अमेरिका उसके बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी नहीं हटाता, तब तक वह होर्मुज से जहाजों को गुजरने से रोकता रहेगा। इस बीच अमेरिका ने अरब सागर में अपने युद्धपोत की तैनाती का दावा किया है। सेंटकॉम ने कुछ तस्वीरें एक्स पर जारी कर बताया कि अमेरिकी निर्देशों का पालन करने वाले 23 जहाजों को वापस लौटा दिया गया। ब्लॉकेड लागू करने के लिए अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस कैनबरा अरब सागर में गश्त कर रहा है।

बदलते घटनाक्रम के बीच ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान (नाकेबंदी जारी रहेगी) पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप “बहुत ज्यादा बोलते हैं” और उनके बयान विरोधाभासी होते हैं। तुर्की में अंताल्या डिप्लोमैटिक फोरम के दौरान मीडिया से बातचीत में खतीबजादेह ने यह टिप्पणी की।