ईरान के सुप्रीम लीडर लोगों की नजरों से अब भी दूर, अमेरिका का दावा- स्ट्रैटेजी बना रहे हैं मोजतबा

0
5

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर 28 फरवरी को भीषण हमला किया। इस हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया। हालांकि, मोजतबा अब तक कहीं भी नजर नहीं आए हैं, जिसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच अमेरिका के खुफिया विभाग ने कयास लगाया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर सीनियर ईरानी अधिकारियों के साथ मिलकर युद्ध की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

अमेरिकी मीडिया सीएनएन ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़े कई सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर युद्ध रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मौजूदा अस्थिर सत्ता ढांचे में अधिकारों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन मोजतबा खामेनेई संभवतः अमेरिका के साथ युद्ध समाप्ति को लेकर बातचीत की दिशा तय करने में मदद कर रहे हैं।

युद्ध की शुरुआत में हुए एक हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद से मोजतबा खामेनेई को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। इसकी वजह से उनकी सेहत और ईरानी नेतृत्व संरचना में उनकी भूमिका को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। शुरुआत में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि मोजतबा हमले में घायल हुए हैं और उनकी हालत गंभीर है।

हालांकि, इन सभी अटकलों के बीच भले ही मोजतबा को सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया हो, लेकिन उनके बयान सामने आए हैं। अमेरिकी मीडिया ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि इस तरह की अटकलों की एक वजह यह है कि खामेनेई बातचीत के लिए किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। मोजतबा किसी भी तरह का संवाद या तो व्यक्तिगत तौर पर कर रहे हैं या फिर कूरियर के जरिए संदेश भेज रहे हैं।

अमेरिकी मीडिया के सूत्रों ने बताया कि खामेनेई अभी भी आइसोलेट हैं और उनकी चोटों का मेडिकल इलाज चल रहा है। उनके शरीर के एक हिस्से पर गंभीर जलने के निशान हैं, जिससे उनका चेहरा, हाथ, धड़ और पैर भी प्रभावित हुए हैं।

ईरान के सुप्रीम लीडर कार्यालय में प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहर हुसैनी ने शुक्रवार को कहा कि खामेनेई अपनी चोटों से उबर रहे हैं और अब उनकी हालत स्थिर है। हुसैनी ने कहा कि खामेनेई के पैर और पीठ के निचले हिस्से में हल्की चोट आई है और कान के पीछे छर्रे का एक छोटा टुकड़ा लगा है, लेकिन घाव भर रहे हैं।

हुसैनी ने ईरान में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “ऊपर वाले का शुक्र है, वह ठीक हैं। दुश्मन हर तरह की अफवाहें और झूठे दावे फैला रहा है। वे उन्हें देखना और ढूंढना चाहते हैं, लेकिन लोगों को सब्र रखना चाहिए और जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। सही समय आने पर वह आपसे बात करेंगे।”

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने इस हफ्ते की शुरुआत में ईरान की सरकारी मीडिया को बताया कि उन्होंने खामेनेई के साथ ढाई घंटे की बैठक की। यह किसी शीर्ष ईरानी अधिकारी और देश के नए सुप्रीम लीडर के बीच पहली आमने-सामने की बैठक थी।

अमेरिकी मीडिया ने जानकार सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी अधिकारियों को खामेनेई की स्थिति के बारे में जो भी जानकारी मिली है, वह उनसे संपर्क में रहने वाले लोगों के जरिए मिली है। हालांकि, खुफिया विश्लेषकों के बीच इस बात को लेकर भी सवाल हैं कि क्या ईरान के सत्ता ढांचे में कुछ लोग अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए खामेनेई तक पहुंच होने का दावा कर रहे हैं, ताकि उनकी अथॉरिटी का गलत इस्तेमाल किया जा सके।