तेहरान, 28 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने देश की जनता के नाम जारी संदेश में नारी शक्ति की हिम्मत को सराहा है। उन्होंने कहा है कि ईरान के मर्दों की बहादुरी को पूरी दुनिया जानती थी लेकिन अब यहां कि महिलाओं की हिम्मत भी अपनी मौजूदगी का एहसास करा रही है।
ईरान की जनता के जज्बे और हिम्मत की दाद देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले सात महीनों से, हमारे देशवासी पूरे देश में चौराहों और सड़कों पर अपनी जिम्मेदार मौजूदगी से इस्लाम के लिए लड़ने वालों का हौसला बढ़ा रहे हैं और दुश्मनों के दिलों में डर पैदा कर रहे हैं।
इस संदेश में खामेनेई आगे कहते हैं, “3 करोड़ से अधिक ईरानियों ने अपनी जान कुर्बान करने की इच्छा जाहिर की है। और जब एक खास संगठनात्मक कोशिश के तहत उनसे अपनी तैयारी की पुष्टि करने के लिए कहा गया, तो सिर्फ 100 मिनट के अंदर ही 5 लाख से ज्यादा लोगों ने तय संख्या को पूरा कर दिया। एक जमाना था जब इस जमीन के लोगों की बहादुरी की पहचान उनके मर्दों से होती थी। लेकिन आज, हम ऐसे दौर में जी रहे हैं जहां औरतें अपनी हिम्मत भरी मौजूदगी से कई क्षेत्रों में मर्दों से आगे निकल रही हैं।”
सर्वोच्च लीडर अपने संदेश में आगे कहते हैं, “एक समय था जब दुश्मन लगातार इस व्यवस्था की सामाजिक नींव को कमजोर करने की कोशिश करता था। लेकिन आज, हर वर्ग के लोग, अपने साफ मतभेदों के बावजूद, अपने सही रुख की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े हैं, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम इलाके की सुरक्षा का संकल्प भी शामिल है।”
इसके साथ ही खामेनेई ने दावा किया कि ईरानी बलों ने दक्षिणी ईरान के समुद्री क्षेत्र से ‘दुश्मन ताकतों’ को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया है और जल्द ही उन्हें अरब सागर से भी खदेड़ देगा।
सरकारी मीडिया आईआरएनए ने उनके बयान के हवाले से कहा कि खामेनेई ने ईरान-इराक युद्ध से जुड़े ‘पवित्र रक्षा सप्ताह’ और 2024 में हिज्बुल्लाह के पूर्व नेता हसन नसरल्लाह की हत्या की बरसी के अवसर पर जारी संदेश में यह बात कही।
खामेनेई ने कहा, “ईरान के जांबाजों और होर्मुज जलडमरूमध्य के सुरक्षा बलों से मिले दर्दनाक प्रहारों के बाद दुश्मन अब अरब सागर से आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं कर रहा है।”
सुप्रीम लीडर के मुताबिक, “जब भी उन्होंने ऐसा करने का जोखिम उठाया, उन्होंने खुद को ही नुकसान पहुंचाया है। अब वह समय तेजी से करीब आ रहा है जब अरब सागर भी उनकी मौजूदगी से मुक्त हो जाएगा।”
खामेनेई का यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में तनाव को लेकर ईरान और उसके विरोधी पक्षों के बीच टकराव जारी है।
