Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में प्रसिद्ध की जगह प्रिंस को मिले...

आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में प्रसिद्ध की जगह प्रिंस को मिले मौका: आकाश चोपड़ा

0
4

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आयरलैंड की सीरीज उम्मीद के विपरीत रही है। 2 टी20 मैचों की इस सीरीज में माना जा रहा था कि भारतीय टीम आयरलैंड का सूपड़ा साफ कर देगी, लेकिन हुआ बिल्कुल इसका उल्टा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को बेलफास्ट में शुक्रवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में 34 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम की आयरलैंड के खिलाफ यह पहली हार थी।

पहला टी20 हारने के बाद, रविवार को होने वाले दूसरे टी20 से पहले भारतीय टीम सतर्क हो गई है। प्लेइंग इलेवन में बदलाव की खबरें भी चर्चा में हैं। दूसरा टी20 गंवाने का मतलब सीरीज गंवाना होगा। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो या न हो, इसे लेकर मंथन जारी है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए रविवार को दूसरा टी20 खेलने वाली भारत टीम की प्लेइंग इलेवन से संबंधित सुझाव दिए हैं।

आकाश चोपड़ा ने कहा है कि दूसरा टी20 भारत के अस्तित्व से जुड़ा है। मुझे नहीं लगता कि टीम इंडिया को प्लेइंग में बहुत ज्यादा बदलाव की जरूरत है।

चोपड़ा ने कहा, “मेरे मुताबिक टीम में एक बदलाव किया जा सकता है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर रखते हुए प्रिंस यादव को डेब्यू कराना चाहिए। प्रसिद्ध का टी20 में रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। 6 मैचों में फेंके गए 24 ओवर में उन्होंने 11.54 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं और मात्र 8 विकेट ले सके हैं। उनकी जगह प्रिंस को मौका दिया जा सकता है।”

प्रसिद्ध कृष्णा ने पहले टी20 में 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 57 रन दिए थे।

इसके अलावा, “चोपड़ा ने दूसरे बदलाव के रूप में वाशिंगटन सुंदर की जगह रवि बिश्नोई को मौका दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की बल्लेबाजी में काफी गहराई है। ऐसे में बिश्नोई को मौका देने से हमारी गेंदबाजी को थोड़ी धार मिल जाएगी। अगर बिश्नोई को मौका नहीं देना, तो सूर्यांश शेड्गे को भी मौका दिया जा सकता है। उनमें भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी की अद्भुत क्षमता है।”

इसके अलावा आकाश ने ओपनिंग, मध्यक्रम या गेंदबाजी में किसी और बदलाव की बात नहीं की। आकाश चोपड़ा की वीडियो पर गौर करें, तो वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार और लंबा हो सकता है।