तेहरान, 8 नवंबर (आईएएनएस)। होर्मुज स्ट्रेट में रविवार तड़के एक और टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई। जहाज अनधिकृत रास्तों से गुजरने की कोशिश में बारूदी सुरंगों से टकरा गया। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नौसेना ने बताया कि जहाज ने नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद कर रखे थे।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नौसेना ने कहा है कि एक और तेल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई है। इसके साथ ही रविवार तड़के से होर्मुज स्ट्रेट में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
आईआरजीसी ने अपने आधिकारिक सूचना पोर्टल पर जारी बयान में कहा कि तीनों जहाज नौसैनिक बारूदी सुरंगों (माइंस) से टकरा गए, जिसके बाद उनमें आग लग गई। आग और धुएं की वजह से होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर आसमान धुएं से ढक गया।
आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, ये टैंकर रणनीतिक जलमार्ग से गुजरते समय अपने नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद किए हुए थे। आईआरजीसी का दावा है कि ये जहाज अमेरिकी सेना के उकसावे और कथित तस्करी गतिविधियों के तहत ‘अनधिकृत मार्गों’ का इस्तेमाल कर रहे थे।
आईआरजीसी नौसेना ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में लागू ईरानी नियमों की जानकारी सभी जहाजों को कई बार दी जा चुकी है। जहाजों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी हादसे से बचने के लिए पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी के समन्वय से तय और अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें।
आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, बयान में चेतावनी दी गई कि जो भी जहाज इन नियमों का उल्लंघन करेगा या अमेरिकी सेना के साथ मिलकर जलडमरूमध्य में अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल करेगा, उसे भी इसी तरह के परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
