Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘ग्रामीण इलाकों से आने वाली खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने को मौका...

‘ग्रामीण इलाकों से आने वाली खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने को मौका मिलता है’, डब्ल्यूएपीएल को लेकर बोलीं मिताली राज

0
5

विजयवाड़ा, 15 अगस्त (आईएएनएस)। विमेंस आंध्र प्रीमियर लीग (डब्ल्यूएपीएल) को शनिवार को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। इस मौके पर भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज भी मौजूद रहीं। मिताली ने कहा कि इस तरह की लीग से ग्रामीण इलाकों से आने वाली खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और अच्छे स्तर की क्रिकेट खेलने का मौका मिलता है।

मिताली राज ने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि एसीए (आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन) के लिए आंध्र विमेंस प्रीमियर लीग की बोली लगाना और चार टीमें हासिल करना एक बहुत बड़ा और अहम पड़ाव है। यह एक बड़ी कामयाबी है क्योंकि एसीए काफी समय से महिला क्रिकेट को बढ़ावा दे रहा है। हमने देखा है कि पिछले दो वर्षों में, वे एक ऐसी एसोसिएशन के तौर पर उभरे हैं जो अपनी महिला टीमों के लिए पूरी तरह से महिला स्टाफ रखने पर जोर देते हैं – चाहे वह सीनियर टीम हो, अंडर-23, अंडर-19 या अंडर-15 टीम। वे जिला स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी बहुत सारे मैच आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं।”

मिताली ने कहा कि आंध्र विमेंस प्रीमियर लीग के लिए हुई नीलामी इस बात को दिखाता है कि आंध्र प्रदेश में महिला क्रिकेट की वैल्यू है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी और बिजनेसमैन के इस लीग में शामिल होने के बाद यह लीग और भी बड़ी होती जाएगी। मिताली के अनुसार, इस तरह की लीग का होना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह ग्रामीण इलाकों से आने वाली खिलाड़ियों के लिए एक इकोसिस्टम तैयार करते हैं, जिसकी मदद से वह बड़े सपने देख सकते हैं। मिताली ने कहा कि इस तरह की लीग में हिस्सा बनकर उनको अच्छे स्तर का क्रिकेट खेलने का भी मौका मिलता है।

मिताली ने कहा कि महिला प्रीमियर लीग ने जो काम भारतीय महिला क्रिकेट टीम को निखारने में किया है वही काम यह लीग आंध्र महिला क्रिकेट टीम के लिए करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस लीग के जरिए कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर आएंगी, जो अच्छे स्तर का क्रिकेट खेलेंगी। भारत की पूर्व कप्तान ने आगे कहा, “हमारे देश और आंध्र राज्य में महिला क्रिकेट के लिए यह बहुत अच्छा समय है। लंबे समय तक हमने कोई इंटरनेशनल खिलाड़ी नहीं देखा, लेकिन हाल ही में हमने श्री चरणी को देखा, जो वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। वहीं, शबनम भी हैं, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता हैं। हमें ऐसी ही और खिलाड़ी आंध्र प्रदेश की ओर से देश के लिए खेलती दिखाई देंगी।”