आईएसएल 2025-26: ईस्ट बंगाल और बेंगलुरु एफसी का मुकाबला 3-3 से रहा ड्रॉ

0
7

कोलकाता, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग 2025-26 में गुरुवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जहां ईस्ट बंगाल एफसी और बेंगलुरु एफसी के बीच मुकबाला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ। यह मैच पूरे समय उतार-चढ़ाव से भरा रहा और आखिरी मिनट तक रोमांच अपने चरम पर रहा।

मैच की शुरुआत बेंगलुरु एफसी ने शानदार अंदाज में की। 12वें मिनट में आशिक कुरुनियन ने बेहतरीन सोलो रन के बाद जोरदार शॉट लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, ईस्ट बंगाल ने जल्दी ही वापसी की। 21वें मिनट में अनवर अली ने कॉर्नर पर शानदार बैक वॉली लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

कुछ ही मिनटों बाद मैच ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया। आशिक के साथ हुई झड़प के बाद 24वें मिनट में मिगुएल फरेरा को सीधा रेड कार्ड मिलने से ईस्ट बंगाल के पास सिर्फ 10 खिलाड़ी रह गए। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब फरेरा मैदान से बाहर निकलते समय बेंगलुरु के बेंच की ओर गेंद को लात मारते हुए गए।

कम खिलाड़ी होने के बावजूद ईस्ट बंगाल ने अपना दबाव बनाए रखा। हालांकि, बेंगलुरु ने 39वें मिनट में फिर से बढ़त बना ली, जब सुरेश वांगजाम ने रयान विलियम्स के क्रॉस के बाद गोलकीपर प्रभसुखन गिल की एक गलती का फायदा उठाया। ईस्ट बंगाल ने हार नहीं मानी और 56वें ​​मिनट में एक और बराबरी का गोल कर दिया। सॉल क्रेस्पो ने तेजी से प्रतिक्रिया दी और अपना पहला शॉट ब्लॉक होने के बाद गोल कर दिया। बेंगलुरु ने 71वें मिनट में फिर से बढ़त बना ली, जब विलियम्स ने एक मुश्किल एंगल से खूबसूरती से गोल किया, जिससे ऐसा लगा कि उनकी टीम जीत की राह पर है।

हालांकि, स्टॉपेज टाइम के बिल्कुल आखिर में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी एंटोन सोजबर्ग हीरो बनकर उभरे। उन्होंने 90+7वें मिनट में गोल करके ईस्ट बंगाल के लिए एक अहम प्वाइंट हासिल किया। इस नतीजे के साथ ही ईस्ट बंगाल आठ मुकाबलों में 15 प्वाइंट लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरु एफसी उनके ठीक पीछे है और उसके भी 15 प्वाइंट हैं। हालांकि, उन्होंने अभी 9 मैच खेले हैं।