नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गुरुवार को टेलीफोन वार्ता के अगले दिन इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पोस्ट में ‘मेरे मित्र, धन्यवाद’ लिखते हुए आभार जताया। इसके साथ ही मिलकर भारत और इजरायल के रिश्ते को मजबूत करते रहने की बात कही।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ”धन्यवाद, मेरे दोस्त, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। हम मिलकर इजरायल और भारत के बीच संबंधों को लगातार और मजबूत बना रहे हैं।”
गुरुवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बातचीत की जानकारी दी थी।
पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा था, “मुझे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। हमने भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा की। यह साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और आगे बढ़ रही है। हमने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।”
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल विशेष रणनीतिक साझेदारी में हो रही लगातार प्रगति की समीक्षा की और इस बात की पुष्टि की कि वे दोनों देशों के पारस्परिक हितों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नेतन्याहू और प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए। साथ ही दोनों नेताओं ने आगे भी आपस में संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
पिछले तीन दशकों में भारत और इजरायल ने एक ऐसा संबंध बनाया है, जो मुख्य रूप से रणनीतिक भरोसे पर आधारित हैं। रक्षा सहयोग, काउंटर-टेररिज्म, इंटेलिजेंस शेयरिंग और कृषि इनोवेशन एक बढ़ती हुई परिपक्व साझेदारी के स्तंभ बन गए हैं।
फिर भी, जहां राजनीति और सुरक्षा संबंध काफी बढ़े हैं, वहीं आर्थिक संबंध क्षमता के हिसाब से नहीं चल पाए हैं। भारत इजरायल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के लिए चल रही बातचीत इसे बदलने का मौका देती है।

